प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

समस्तीपुर CSP लूटकांड

समस्तीपुर में हथियारबंद बदमाशों ने बैंक ऑफ बड़ौदा CSP से लूटे 3 लाख रुपये

बिहार के समस्तीपुर में बैंक ऑफ बड़ौदा के CSP से हथियार के बल पर 3 लाख रुपये लूट लिए गए।

समस्तीपुर में हथियारबंद बदमाशों ने बैंक ऑफ बड़ौदा csp से लूटे 3 लाख रुपये

घटना के बाद उग्र हुए ग्रामीण |

समस्तीपुर (बिहार)। जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र के सुरौली चौक स्थित सरस्वती चौक के पास हथियारबंद बदमाशों ने बैंक ऑफ बड़ौदा के CSP में लूटपाट की। 4 की संख्या में पहुंचे बदमाशों ने CSP संचालक विवेक कुमार को हथियार के बल पर कब्जे में लेकर 3 लाख रुपये लूटे, घटना के दौरान स्थानीय लोगों के जुटने पर सभी बदमाश भाग निकले।

ग्रामीणों ने दो कट्टा और एक गोली छीनी

 इस दौरान ग्रामीणों ने दो कट्टा और एक गोली छीन ली, जबकि बाद में एक अन्य आरोपी को भी पकड़ लिया गया। CSP संचालक विवेक कुमार सुरौली वार्ड 4 के निवासी हैं। सीएसपी पर ग्राहकों की जमा-निकासी का काम कर रहे थे। इसी दौरान 4 बदमाश पैदल ग्राहक बनकर CSP में घुसे। अंदर पहुंचते ही उन्होंने ग्रिल बंद कर दी और संचालक को अपने कब्जे में लेकर रुपये लूटने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने उन पर कट्टा तान दिया। फायरिंग करने की भी कोशिश की गई। अपराधियों ने CCTV कैमरे भी निकाल दिए।इस बीच संचालक की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार मौके पर जुट गए और शोर मचाने लगे।

ग्रामीणों की दो बदमाशों के साथ हाथापाई

ग्रामीणों के विरोध पर दो बदमाशों के साथ हाथापाई हुई। दोनों अपनी चप्पल छोड़कर भाग निकले। ग्रामीणों ने उनसे 2 कट्टा और 1 गोली छीन ली। वहीं, संचालक के साथ लूटपाट में शामिल दो अन्य बदमाश भी फरार हो गए। इस घटना की सूचना पर विभूतिपुर थानाध्यक्ष सुनील कुमार झा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू की। रोसड़ा DSP संजय कुमार सिन्हा भी मौके पर पहुंचे। इसी दौरान नदी किनारे गाछी की ओर छिपे एक संदिग्ध को देखकर गांव के बच्चों ने शोर मचाया। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया। पुलिसकर्मी जब पकड़े गए आरोपी को ग्रामीणों के कब्जे से छुड़ाकर ले जाने लगे, तो आक्रोशित लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

3 यूट्यूबर के साथ भी मारपीट हुई

इस दौरान 3 यूट्यूबर के साथ भी मारपीट की गई। पुलिस किसी तरह आरोपी को बाइक पर बैठाकर वहां से निकली, लेकिन शाहपुर पुल पर आक्रोशित लोगों ने फिर पुलिस टीम को घेर लिया और मारपीट करने लगे। बीच-बचाव के दौरान दारोगा टीपू कुमार भी चोटिल हो गए। इसके बाद वह किसी तरह आरोपी को लेकर थाने पहुंचे। थाने में तलाशी के दौरान पकड़े गए आरोपी की पैंट की जेब से दो गोलियां मिलीं। इस संबंध में DSP संजय कुमार सिन्हा ने बताया कि लूट के रुपये के साथ 2 कट्टा व 3 गोलियां बरामद की गई हैं। फरार बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।

यह भी पढ़ेंः भारत ने SCO के सभी 10 सदस्य देशों को सिविलाइज़ेशनल डायलॉग फोरम के लिए किया आमंत्रित

Related to this topic: