उत्तर प्रदेश के बलिया नगर पालिका परिषद में सफाई व्यवस्था को लेकर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं.
बलिया {उत्तर प्रदेश }: उत्तर प्रदेश के बलिया नगर पालिका परिषद में सफाई व्यवस्था को लेकर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगे हैं। भारतीय जनता पार्टी के नगर मंत्री और नामित सभासद रवि सोनी ने आरोप लगाया है कि सफाई कर्मियों की उपस्थिति और भुगतान में बड़ा खेल चल रहा है। इस मामले को लेकर उन्होंने जिलाधिकारी को एक पत्र सौंपा है।
जांच के दौरान हुआ विवाद
रवि सोनी का आरोप है कि वह नगर पालिका के 25 वार्डों में सफाई व्यवस्था और पेयजल की स्थिति की जांच कर रहे थे। इसी क्रम में जब वह 13 जून को वार्ड नंबर 16 में सफाई कर्मियों की स्थिति की जानकारी टोली नायक से ले रहे थे, तब वहां के सभासद संजय यादव ने उनके साथ गाली-गलौज और बदसलूकी की।
जान से मारने की धमकी का आरोप
रवि सोनी का आरोप है कि सभासद संजय यादव ने उन्हें धमकी दी कि यदि वह दोबारा उस वार्ड में दिखाई दिए तो उनके हाथ-पैर तोड़ दिए जाएंगे और जान से मार दिया जाएगा।
सफाई व्यवस्था में भ्रष्टाचार का आरोप
रवि सोनी ने बताया कि वार्ड नंबर 16 में 16 सफाई कर्मियों की तैनाती होनी चाहिए थी, लेकिन मौके पर केवल 6 कर्मचारी ही मिले। उन्होंने अन्य वार्डों का हवाला देते हुए भी कहा कि कागजों पर बड़ी संख्या में कर्मचारी तैनात हैं, लेकिन धरातल पर उनकी उपस्थिति काफी कम है।
फर्जी भुगतान का दावा
उन्होंने दावा किया कि पूरे नगर में लगभग 450 सफाई कर्मी तैनात हैं, लेकिन मौके पर केवल 200 से 250 कर्मचारी ही काम करते नजर आते हैं। आरोप लगाया कि करीब 150 से 200 लोगों का भुगतान बिना काम किए ही फर्जी तरीके से निकाला जा रहा है, जिसमें मिलीभगत की आशंका है।
कार्रवाई नहीं होने से बढ़ी चिंता
रवि सोनी ने बताया कि उन्होंने इस घटना की जानकारी नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को भी मौखिक रूप से दी थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
डीएम से सुरक्षा और जांच की मांग
अब जिलाधिकारी को दिए गए पत्र में उन्होंने अपनी जान-माल की सुरक्षा की मांग की है। साथ ही 25 वार्डों में तैनात सफाई कर्मियों और टोली नायकों की सूची उपलब्ध कराने तथा पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
यह भी पढ़े: बहराइच में तेंदुआ का हमला, युवक घायल