बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बस को पीछे से ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में दोनों वाहनों के चालकों की मौत हो गई, जबकि ट्रक क्लीनर समेत कई यात्री घायल हुए।
बाराबंकी (उत्तर प्रदेश)। जनपद बाराबंकी में शनिवार तड़के पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हैदरगढ़ क्षेत्र के गेरांवा गांव के पास दिल्ली से बिहार जा रही यात्रियों से भरी बस को पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के चालकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में ट्रक के चालक और क्लीनर समेत आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल बताए गए हैं।
बस में सवार थे करीब 80 यात्री
जानकारी के अनुसार, बस संख्या BR 50 P 4873 में करीब 80 यात्री सवार थे। भोर पहर बस पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से बिहार की ओर जा रही थी। गेरांवा गांव के पास बस चालक अजय कुमार यादव ने वाहन को रोककर पहियों की हवा चेक करने के लिए किनारे खड़ा किया था। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक संख्या HR 55 AT 2023 ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस और ट्रक में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में दोनों चालकों की मौके पर मौत
दुर्घटना में बस चालक अजय कुमार यादव और ट्रक चालक दीप चन्दर राय की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रक के क्लीनर तथा बस में सवार कई यात्रियों को चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को दुर्घटनाग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला।
घायलों को अस्पताल भेजा
सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी बाजार शुकुल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बाराबंकी भेज दिया। हादसे के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस टीम ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: आजमगढ़ में पुलिस की कार्रवाई, 61 लाख के 265 मोबाइल बरामद कर मालिकों को लौटाए