प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

फतेहपुर में डूबी नाव, थाना प्रभारी ने बचाई जान

बाढ़ के पानी में नाव पलटने से मची अफरातफरी, थाना प्रभारी ने गहरे पानी में उतरकर बचाई लोगों की जान

फतेहपुर जिले के अवसेरी खेड़ा गांव के समीप बाढ़ के पानी में दो दर्जन लोगों से भरी नाव पलटने के बाद, औंग थाना प्रभारी ने गहरे पानी में उतरकर सभी लोगों को सकुशल बचा लिया।

बाढ़ के पानी में नाव पलटने से मची अफरातफरी थाना प्रभारी ने गहरे पानी में उतरकर बचाई लोगों की जान

Boat Capsizes in Flood Waters Near Awseri Kheda |

फतेहपुर (उत्तर प्रदेश)। औंग थाना क्षेत्र के अवसेरी खेड़ा गांव के समीप शुक्रवार देर शाम बाढ़ के पानी में नाव पलटने से हड़कंप मच गया। नाव में सवार छोटे-बड़े मिलाकर करीब दो दर्जन लोग पानी में फंस गए। अंधेरा होने के कारण लोगों को बाहर निकलने में परेशानी हो रही थी। सूचना मिलते ही औंग थाना प्रभारी दिनेश शुक्ला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और खाकी वर्दी में ही गहरे पानी में उतरकर कई लोगों को सुरक्षित किनारे पहुंचाया। घटना में सभी लोगों के सकुशल बच जाने से राहत की सांस ली गई।

 गंगा और पांडु नदी में बाढ़ का पानी बढ़ा

बताया जाता है कि गंगा और पांडु नदी में बाढ़ का पानी बढ़ने के कारण अवसेरी खेड़ा के समीप पक्का संपर्क मार्ग कट गया था। सड़क कटने से तेज पानी का बहाव होने लगा और गांव का आवागमन प्रभावित हो गया। ग्रामीणों की सुविधा के लिए प्रशासन की ओर से नाव की व्यवस्था की गई थी।

अचानक नाव अनियंत्रित होकर पलटी

शुक्रवार की शाम करीब 7:30 बजे अवसेरी खेड़ा की ओर से एक नाव लोगों को लेकर आ रही थी। नाव में करीब दो दर्जन लोग सवार बताए जा रहे हैं। तेज बहाव के बीच अचानक नाव अनियंत्रित होकर पलट गई। नाव पलटते ही उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई और सभी लोग किनारे पहुंचने का प्रयास करने लगे। अंधेरा होने के कारण राहत कार्य में भी परेशानी सामने आई।

पुलिस कार्यवाही की लोगों ने की सराहना

घटना की जानकारी मिलते ही औंग थाना प्रभारी दिनेश शुक्ला, लेखपाल कुलदीप कुमार सिंह तथा ग्राम प्रधान रामदास निषाद मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी दिनेश शुक्ला ने बिना देर किए पानी में छलांग लगा दी और कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिसकर्मी द्वारा गहरे पानी में उतरकर लोगों की जान बचाने की कार्रवाई की मौके पर मौजूद लोगों ने सराहना की।

सभी लोग सुरक्षित

थाना प्रभारी दिनेश शुक्ला ने बताया कि नाव पलटने की घटना के बाद सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया है। किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। लेखपाल कुलदीप कुमार सिंह ने बताया कि आसपास के कई गांवों में राम लीला, दंगल और मेले के कार्यक्रम चल रहे हैं, जिसके चलते लोगों का आवागमन बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है। आवश्यकता पड़ने पर नावों की संख्या बढ़ाई जा सकती है।

यह भी पढ़ेंः हाईवा की टक्कर से युवक की मौत, मुआवजे और कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने किया सड़क जाम

Related to this topic: