चंदौली: सैयदराजा थाना पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त मंगरु मुसहर को गिरफ्तार कर लिया है।
चंदौली {उत्तर प्रदेश} : सैयदराजा थाना पुलिस ने हत्या के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त मंगरु मुसहर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 15 दिसंबर 2025 को थाना क्षेत्र के दूधारी गांव में हुई युवक की हत्या के मामले में वांछित था और घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
चोरी का विरोध करने पर की थी हत्या
पुलिस के अनुसार, 15 दिसंबर 2025 को दूधारी गांव में चोरी का विरोध करने पर बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद सैयदराजा थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। वारदात में मंगरु मुसहर भी अपने साथियों के साथ शामिल था, लेकिन घटना के बाद वह गुजरात भाग गया और वहां एक फैक्ट्री में काम करते हुए अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था।
गुजरात से लौटते ही दबिश देकर गिरफ्तारी
पुलिस को सूचना मिली कि मंगरु मुसहर हाल ही में गुजरात से लौटकर बिहार में अपने एक रिश्तेदार के यहां ठहरा हुआ है। सूचना के आधार पर सैयदराजा पुलिस ने दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि वारदात के दिन ही उसके साथी निहोरा मुसहर को पुलिस मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। वहीं, मंगरु मुसहर लगातार गिरफ्तारी से बचता रहा और उसकी तलाश में पुलिस कई राज्यों में दबिश दे रही थी।
पूछताछ जारी, अन्य पहलुओं की भी होगी जांच
करीब सात माह की तलाश के बाद आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़े: सहारनपुर में धर्म परिवर्तन और निकाह का दबाव बनाने का आरोप, महिला ने SSP से मांगी सुरक्षा