चंदौली पुलिस ने चेकिंग के दौरान 58 लाख रुपये की 663 पेटी अवैध शराब बरामद की। पंजाब से बिहार तस्करी के लिए भेजी जा रही इस खेप के साथ दो गुजरात के तस्कर गिरफ्तार किए गए।
चंदौली (उत्तर प्रदेश)। चंदौली पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पंजाब से बिहार तस्करी के लिए भेजी जा रही करीब 58 लाख रुपये मूल्य की 663 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब से लदे ट्रक को कब्जे में लेकर गुजरात के दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।
चेकिंग के दौरान संदिग्ध ट्रक से शराब बरामद
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक बिन्देश्वर प्रसाद पाण्डेय एवं सर्विलांस टीम प्रभारी उपनिरीक्षक आशीष मिश्रा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। नवीन मंडी समिति गेट के सामने वाराणसी-बिहार राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान संदिग्ध ट्रक संख्या JH16K6822 को रोका गया। चालक और सहचालक ने ट्रक में लकड़ी का बुरादा लदा होने की जानकारी दी, लेकिन गहन तलाशी में ट्रक के अंदर विशेष रूप से बनाए गए लोहे के गुप्त केबिन से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद हुई।
पंजाब से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने की थी योजना
पुलिस के अनुसार, शराब को चारों ओर लकड़ी के बुरादे से ढक दिया गया था, ताकि उसकी गंध और आवाज बाहर न जा सके व चेकिंग के दौरान किसी को संदेह न हो। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हितेश देसाई (42 वर्ष) एवं उमेश परमार (26 वर्ष), निवासी अहमदाबाद (गुजरात) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे पंजाब से शराब लाकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए ले जा रहे थे। इसके बदले उन्हें प्रति चक्कर 50 हजार रुपये और बिक्री पर 2 प्रतिशत कमीशन मिलता था।
नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश तेज़
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60/63 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश और जांच भी शुरू कर दी गई है। चंदौली पुलिस का कहना है कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
यह भी पढ़े: खरगौन के भग्यापुर में चोरी की घटनाओं से दहशत, 22 दिनों में 6 वारदातों से ग्रामीणों में आक्रोश