खैरागढ़-छुईखदान-गंडई: जिले की छुईखदान पुलिस ने साइबर अपराध और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
छत्तीसगढ़: खैरागढ़-छुईखदान-गंडई: जिले की छुईखदान पुलिस ने साइबर अपराध और ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेन-देन का खुलासा हुआ है। आरोपियों के कब्जे से बड़ी संख्या में एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक, मोबाइल फोन और लैपटॉप भी बरामद किए गए हैं।
1.69 करोड़ के संदिग्ध ट्रांजेक्शन का खुलासा
भारत सरकार के गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल और एनसीआरबी से मिली सूचना के आधार पर छुईखदान पुलिस ने ऐसे बैंक खातों की जांच शुरू की, जिनमें असामान्य रूप से भारी लेन-देन हो रहा था। जांच में सामने आया कि ग्राम नवागांव निवासी दीपक निर्मलकर के बैंक खाते में ऑनलाइन गेमिंग, सट्टेबाजी और साइबर फ्रॉड से जुड़े करीब 1 करोड़ 69 लाख रुपये का ट्रांजेक्शन हुआ था। पूछताछ में दीपक ने अपना बैंक खाता 12 हजार रुपये प्रतिमाह किराए पर देने की बात स्वीकार की।
मुंबई से संचालित हो रहा था नेटवर्क
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि इन खातों का इस्तेमाल महाराष्ट्र के मुंबई स्थित पलावा सिटी के एक फ्लैट से संचालित ऑनलाइन सट्टा और साइबर फ्रॉड नेटवर्क में किया जा रहा था। जांच के दौरान राहुल जंघेल, राहुल देवांगन और विजय कुमार साहू की भूमिका भी सामने आई। पुलिस के मुताबिक राहुल देवांगन पूरे नेटवर्क का संचालन करता था और इससे जुड़े लोगों को वेतन भी देता था। आरोपियों ने फेयर प्ले, रेड्डी अन्ना, जयराम और शिवा बुक जैसे ऑनलाइन सट्टेबाजी प्लेटफॉर्म के जरिए करीब दो वर्षों से नेटवर्क चलाने की बात स्वीकार की है।
एटीएम कार्ड, मोबाइल और लैपटॉप बरामद
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 19 एटीएम कार्ड, 5 बैंक पासबुक, 14 मोबाइल फोन और एक लैपटॉप जब्त किया है। इसके अलावा बैंक खातों में मौजूद 5 लाख रुपये फ्रीज कराए गए हैं। जब्त सामग्री और फ्रीज राशि सहित कुल करीब 10 लाख 50 हजार रुपये की संपत्ति पुलिस ने अपने कब्जे में ली है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पूरे नेटवर्क की जांच जारी
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और अवैध लेन-देन की जांच में जुटी हुई है। आशंका है कि इस मामले में आगे और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।
यह भी पढ़े: खानपुर में सर्व समाज ने राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, भारत भूषण तिवारी हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांग