शाजापुर के झोकर गांव में मोहर्रम जुलूस के दौरान दो गुटों के बीच लाठी-डंडे चल गए। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने दो लोगों पर मामला दर्ज किया।
शाजापुर (मध्य प्रदेश)। शाजापुर जिले के मक्सी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले झोकर गांव से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां मोहर्रम के जुलूस के दौरान एक ही समुदाय के दो गुटों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
लाठी छूटकर लगने से शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार रात की है। गांव में मोहर्रम का जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस के दौरान कुछ युवक लाठी-डंडे घुमाकर अपना करतब दिखा रहे थे। इसी बीच, एक युवक के हाथ से लाठी छूटकर पास ही खड़े किसी व्यक्ति को लग गई। इस छोटी सी बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए और जुलूस में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठियां चलने लगीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई।
पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेकर दर्ज किया मामला
हालांकि, इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से थाने में कोई औपचारिक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने स्वतः संज्ञान लिया है और शांति भंग करने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
यह भी पढ़े: डीडवाना-कुचामन में नाबालिग अपहरण व दुष्कर्म केस में आरोपी गिरफ्तार, 1200 किमी पीछा कर आजमगढ़ से पकड़ा गया