प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

देवरिया में सीएम योगी का सख्त संदेश

उपद्रव करने वाला सात पीढ़ियों तक भुगतेगा, 456 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण

देवरिया में सीएम योगी ने 456 करोड़ रुपये की 106 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण किया और कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश दिया। उन्होंने उपद्रवियों और माफिया पर जीरो टॉलरेंस की नीति दोहराई।

उपद्रव करने वाला सात पीढ़ियों तक भुगतेगा 456 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण

CM Yogi in Deoria: Strict Warning on Law & Order, Launches ₹456 Cr Projects |

देवरिया (उत्तर प्रदेश)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को देवरिया जिले के रुद्रपुर और बरहज विधानसभा क्षेत्रों में 456 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 106 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में किसी भी प्रकार का उपद्रव या अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उपद्रव पर सख्त चेतावनी और जीरो टॉलरेंस नीति

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में उत्सव के माहौल में किसी भी तरह का उपद्रव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसा करने वालों को सख्त परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने कहा कि आज मुहर्रम के दौरान प्रदेश में शांति व्यवस्था कायम है और कोई भी व्यक्ति खुलेआम हथियारों का प्रदर्शन या सड़क पर गुंडागर्दी नहीं कर सकता। मुख्यमंत्री ने बताया कि 2017 में सरकार बनने के बाद से ही अपराध, माफिया और अराजक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भी व्यक्ति अपराध या माफिया गतिविधियों में शामिल होगा या जनआस्था के साथ खिलवाड़ करेगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सीएम ने यह भी कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था के कारण प्रदेश में निवेश का माहौल बना है और तेजी से उद्योग स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि उस समय उत्तर प्रदेश माफिया और दंगों के लिए जाना जाता था, जबकि 2016 में इसी क्षेत्र में थाने पर हमला और आगजनी जैसी घटनाएं हुई थीं।

देवरिया में 456 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण

मुख्यमंत्री शुक्रवार को देवरिया के रुद्रपुर और बरहज विधानसभा क्षेत्रों की 456 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 106 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के बाद जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने विभिन्न योजनाओं के 10 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और सहायता राशि के चेक भी वितरित किए। सीएम योगी ने देवरिया की धरती को नमन करते हुए कहा कि उन्हें रुद्रपुर और बरहज विधानसभा के मध्य स्थित उस पवित्र भूमि पर आने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है, जो बाबा दुखहरणनाथ, बाबा महेंद्रनाथ, महर्षि देवरहा बाबा और बाबा राघवदास जैसी महान विभूतियों की आस्था और आशीर्वाद से जुड़ी है। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र अपनी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संजोए हुए है।

देवरिया में कनेक्टिविटी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर

सीएम योगी ने कहा कि एक समय ऐसा था जब देवरिया के लोग एक पुल और एक सड़क के लिए वर्षों तक इंतजार करते थे, लेकिन आज प्रदेश में विकास की गति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने बताया कि पडरौना, कसया, पथरदेवा, देवरिया, सोनूघाट, बरहज और दोहरीघाट को वाराणसी व गोरखपुर मार्ग से जोड़ने वाली सड़कें पूर्व-पश्चिम कनेक्टिविटी को मजबूत कर रही हैं। उन्होंने आगे कहा कि हाटा, गौरीबाजार और कौड़ीराम तक बनने वाली फोरलेन सड़कें उत्तर-दक्षिण कनेक्टिविटी को नई दिशा देंगी। सीएम ने कहा कि बेहतर सड़कें, इंफ्रास्ट्रक्चर और मजबूत कनेक्टिविटी किसी भी क्षेत्र के विकास की सबसे बड़ी आधारशिला होती हैं।

युवा शक्ति उत्तर प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पास दुनिया की सबसे बड़ी युवा शक्ति है और सरकार इसी शक्ति को कौशल, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है, जबकि परंपरागत उद्योगों और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से तीन करोड़ लोगों को रोजगार और आजीविका के साधन उपलब्ध कराए गए हैं। सीएम ने कहा कि प्रदेश का युवा प्रतिभाशाली है और वह बड़ी से बड़ी चुनौती को अवसर में बदलने की क्षमता रखता है।

कानून-व्यवस्था से बढ़ा निवेश और रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा के कारण देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर सहित पूरे पूर्वांचल में निवेश बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल रहा है। जो नौजवान पहले नौकरी के लिए मुंबई, सूरत और कोलकाता जैसे शहरों में पलायन करते थे, अब वे अपने ही प्रदेश में रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। सीएम ने आगे कहा कि सरकार ने निवेश आधारित योजनाओं के माध्यम से 65 लाख युवाओं को रोजगार से जोड़ा है। किसानों के हित में सरकार लगातार काम कर रही है और आधुनिक कृषि तकनीक, सिंचाई सुविधाओं तथा कृषि शिक्षा के विस्तार से प्रदेश में कृषि उत्पादन तेजी से बढ़ा है। उन्होंने यह भी बताया कि कई खाद्यान्नों के उत्पादन में उत्तर प्रदेश देश में पहले स्थान पर पहुंच चुका है।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर सपा को आड़े हाथ लिया

मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके शासनकाल में नौकरियों के नाम पर भ्रष्टाचार होता था। चाचा-भतीजा की जोड़ी और पूरा परिवार वसूली में लगा रहता था। आज सभी सरकारी भर्तियां पूरी पारदर्शिता और योग्यता के आधार पर की जा रही हैं। देवरिया सहित प्रदेश के हजारों युवाओं को बिना किसी सिफारिश या रिश्वत के सरकारी नौकरी मिली है। सपा ने 2016 में बिना जमीन उपलब्ध कराए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का 15,800 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया था। भाजपा सरकार बनने के बाद पहले जमीन का अधिग्रहण कराया गया और फिर नई प्रक्रिया के तहत टेंडर कराया गया। तकनीकी व वित्तीय प्रक्रिया को सरल बनाकर यही एक्सप्रेसवे लगभग 11,200 करोड़ रुपये में बनवाया गया, जिससे लगभग 4 हजार करोड़ रुपये की बचत हुई। यह बचत सपा की डकैती रोकने का परिणाम है। इसीलिए सपा को बुरा लग रहा है, वह छटपटा रही है।

अयोध्या विकास मॉडल की सराहना

सीएम योगी ने कहा कि दिल्ली के एक सज्जन आज अयोध्या पहुंचे हैं। दिल्ली की जनता ने उन्हें कई वर्षों तक अवसर दिया, लेकिन उसे भ्रष्टाचार व अव्यवस्था के अलावा कुछ नहीं मिला। अयोध्या में डबल इंजन सरकार ने महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, निषादराज यात्री विश्रामालय, माता शबरी रसोई, फोरलेन सड़कें और विश्वस्तरीय सुविधाएं विकसित की हैं। यदि आम आदमी पार्टी यही न्याय दिल्ली के साथ करती तो राजधानी की तस्वीर भी बदल जाती।

बरहज को मिलेगा इनलैंड वाटरवे का लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि बरहज कभी इस क्षेत्र का प्रमुख व्यापारिक केंद्र था और भविष्य में इनलैंड वाटरवे परियोजना का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां से किसानों की सब्जियां, फल, मिलेट्स, फूल और अन्य कृषि उत्पाद जलमार्ग के माध्यम से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाए जाएंगे। राप्ती व घाघरा नदी की बाढ़ से राहत दिलाने के लिए सरकार लगातार कार्य कर रही है। गांवों की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 6.18 लाख गरीब परिवारों को नए आवास स्वीकृत किए गए हैं। सरकार हर गरीब को पक्का घर, शौचालय, आयुष्मान कार्ड और मुफ्त राशन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

सीएम युवा उद्यमी योजना से आत्मनिर्भरता

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा उद्यमी योजना के तहत युवाओं को 5 लाख रुपये तक का ब्याज व गारंटी मुक्त ऋण दिया जा रहा है। उन्होंने दो लाभार्थियों का जिक्र करते हुए कहा कि आज का युवा नौकरी खोजने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनना चाहता है। सरकार उसके सपनों को साकार करने के लिए हरसंभव सहायता दे रही है। लोगों से प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की अपील करते हुए सीएम ने कहा कि रूफटॉप सोलर लगाने से बिजली का बिल काफी कम होगा और लोगों को स्वच्छ ऊर्जा भी मिलेगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश कभी इंसेफेलाइटिस से प्रभावित क्षेत्र था, लेकिन सरकार के प्रयासों से इस बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण लगा है। अब बच्चे सुरक्षित हैं और बेटियां सम्मान के साथ स्कूल जा रही हैं। सरकार शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित न रहे।

ग्राम प्रधानों व जनप्रतिनिधियों को दी जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रधानों, विधायकों और सांसदों से अपील की कि वे सुनिश्चित करें कि कोई गरीब भूखा न रहे, कोई निराश्रित महिला पेंशन से वंचित न रहे और हर पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। सरकार के पास संसाधनों की कमी नहीं है। डबल इंजन सरकार गरीब, किसान, नौजवान, महिलाओं और व्यापारियों की सुरक्षा एवं समृद्धि के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

यह भी पढ़े:   New Delhi: 23 करोड़ का सोना-चांदी जब्त, 15 तस्कर गिरफ्तार

Related to this topic: