शक्कर के बढ़ते दाम और महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भैंसदेही और आठनेर में रैली निकालकर प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष निलय डागा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बाजार क्षेत्र में नारेबाजी की।
बैतूल: शक्कर के अचानक बढ़े दाम और लगातार बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भैंसदेही और आठनेर शहर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय डागा के नेतृत्व में रैली निकालकर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और आम लोगों को थोड़ी-थोड़ी शक्कर बांटकर बढ़ती महंगाई के प्रति विरोध जताया।
बस स्टैंड से हुई रैली की शुरुआत
रैली की शुरुआत नगर के मुख्य बस स्टैंड से हुई। कांग्रेस कार्यकर्ता हाथों में शक्कर लेकर रैली के रूप में शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्र से होते हुए आगे बढ़े। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महंगाई और शक्कर के बढ़ते दामों को लेकर नारे लगाए। रैली में शामिल कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने बाजार में आने-जाने वाले लोगों को थोड़ी-थोड़ी शक्कर दी और कहा कि शक्कर के दाम बढ़ने से आम परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है।
महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने बांटी शक्कर
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि पहले से ही महंगाई के कारण आम लोगों को घर का खर्च चलाने में परेशानी हो रही है। ऐसे में रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं के दाम बढ़ने से लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने प्रतीकात्मक रूप से लोगों को शक्कर बांटकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया।
हर क्षेत्र में विफल हुई भाजपा सरकार: निलय डागा
कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय डागा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार हर क्षेत्र में विफल हो चुकी है। मंहगाई से गरीब और मध्य वर्ग के लोग आर्थिक स्थिति से जुझ रहे हैं और किसान एक एक बोरी खाद के लिए भुखा प्यासा भटक रहा है। आज भी हजारों किसान बैंकों में डिफाल्टर होकर इस भ्रष्ट सरकार को कोस रहीं हैं। सभी वर्ग इस सरकार और इसकी नितियों से परेशान हैं। वक्त आ गया है बदलाव का।
ये भी पढ़ें- कमरे में फंदे से लटका मिला पुलिसकर्मी का शव, पत्नी से विवाद की बात आई सामने