शराब, होटल और गर्लफ्रेंड पर खर्च के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो भोपाल में बीएचएमएस (बैचलर ऑफ होम्योपैथिक मेडिसिन एंड सर्जरी) के छात्र ने झाबुआ में अपने ही रिश्तेदार के घर डकैती की साजिश रच डाली।
झाबुआ। शराब, होटल और गर्लफ्रेंड पर खर्च के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो भोपाल में बीएचएमएस (बैचलर ऑफ होम्योपैथिक मेडिसिन एंड सर्जरी) के छात्र ने झाबुआ में अपने ही रिश्तेदार के घर डकैती की साजिश रच डाली। अपने रिश्तेदार के 6 साल के बेटे उत्कर्ष को पकड़कर तिजोरी और चाबी के बारे में पूछा गया। जब वह कुछ नहीं बता पाया तो आरोपियों ने फावड़े से उस पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बीच-बचाव करने पहुंची दादी रमीलाबाई पर भी जानलेवा हमला किया। मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दादी पिछले 15 दिनों से वेंटिलेटर पर जिंदगी की जंग लड़ रही हैं। पुलिस ने बुधवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मुख्य आरोपी सगी बहन का बेटा
मुख्य आरोपी जितेंद्र उर्फ जीतू, रमीलाबाई की सगी बहन का बेटा है। वह भोपाल में गर्लफ्रेंड के साथ लिव-इन में रह रहा था। पुलिस के मुताबिक, महंगी लाइफस्टाइल के लिए उसने रिश्तेदार चिराग नायक के साथ मिलकर 5 मई को कोदली गांव में लूट की वारदात को अंजाम दिया। वारदात के बाद आरोपी सोने-चांदी के जेवर लूटकर फरार हो गए थे।
इधर, पीथमपुरा में ₹7 हजार ट्रांसफर नहीं किए तो 14 साल के नाबालिग की हत्या
पीथमपुर के होटल में काम करने वाले 14 साल के बच्चे ने मोबाइल वॉलेट में 7 हजार रुपए जमा किए थे। उसे क्या पता था कि उसकी यही छोटी सी बचत उसकी जान ले लेगी। होटल में आने-जाने वाले युवक ने पहले उससे पैसे अपने खाते में ट्रांसफर कराने की कोशिश की। जब बच्चे ने मना कर दिया तो आरोपी उसे बहला-फुसलाकर जंगल ले गया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
झाड़ियों में छुपाया शव, सड़ा-गला मिला
शव को नाले किनारे झाड़ियों में छिपा दिया गया, जहां कई दिन बाद उसका शव सड़ी-गली हालत में मिला। सेक्टर-1 थाना क्षेत्र के कपिला चौराहे से 11 मई से लापता 14 वर्षीय बच्चे की हत्या के मामले में पुलिस ने 30 वर्षीय राहुल को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपी को पकड़ा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी की बच्चे से होटल में पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान उसने बच्चे के मोबाइल वॉलेट में करीब 7 हजार रुपए का बैलेंस देखा था। इसके बाद से ही उसने पैसे हड़पने की साजिश रच ली थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बच्चे को सुसान जंगल में ले गया और मोबाइल छीनने की कोशिश की। जब बच्चे ने विरोध किया तो उसकी हत्या कर शव झाड़ियों में छिपा दिया ताकि पहचान न हो सके। लापता होने के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की थी, जिसके बाद आरोपी को पकड़ा गया।
यह भी पढ़े: नर्मदा में नहाने गए 4 दोस्त, 3 की मौत