मैहर के नादन थाना क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें 12 लोग घायल हुए और दो गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया।
Devotee-Filled Pickup Overturns in Maihar, 12 Injured; Two Referred in Critical Condition |
मैहर,(मध्य प्रदेश)। नादन थाना क्षेत्र के दुबेही मोड़ के पास मंगलवार को श्रद्धालुओं से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में वाहन में सवार 12 श्रद्धालु घायल हो गए, जबकि दो श्रद्धालुओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
सभी श्रद्धालु रीवा जिले के रतहरा क्षेत्र के निवासी
जानकारी के अनुसार, सभी श्रद्धालु रीवा जिले के रतहरा क्षेत्र के निवासी हैं। वे मैहर स्थित मां शारदा देवी मंदिर में दर्शन-पूजन कर पिकअप वाहन से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नादन थाना क्षेत्र के दुबेही मोड़ के पास तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और पिकअप सड़क किनारे गड्ढे में पलट गई।
पिकअप में फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने पिकअप में फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाला तथा एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नादन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर
सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल अमरपाटन ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश घायलों को चोटें आई हैं, जबकि दो श्रद्धालुओं के सिर एवं शरीर में गंभीर चोटें होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन पुलिस के कब्जे में
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और मोड़ पर वाहन का अनियंत्रित होना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस घायलों के बयान दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ेंः लखीसराय में 15 दिनों से बंद पड़ा स्कूल, रास्ता बंद होने से ठप हुई बच्चों की पढ़ाई