भोगनीपुर गंग नहर में लापता हुए बुजुर्ग रामगोपाल शाक्य की तलाश 24 घंटे बाद खत्म हुई, लेकिन जो खबर परिवार को मिली, उसने सबको गहरे सदमे में डाल दिया।
इटावा/जसवंतनगर {उत्तर प्रदेश}: भोगनीपुर गंग नहर में लापता हुए बुजुर्ग रामगोपाल शाक्य की तलाश 24 घंटे बाद खत्म हुई, लेकिन जो खबर परिवार को मिली, उसने सबको गहरे सदमे में डाल दिया। सोमवार सुबह ग्राम जगसोरा नहर पुल के पास उनका शव मिलने के बाद घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक फैल गया।
रविवार से चल रहा था सर्च ऑपरेशन
जानकारी के मुताबिक, जसवंतनगर थाना क्षेत्र के ग्राम दुर्गापुर के रहने वाले रामगोपाल शाक्य रविवार सुबह संदिग्ध हालात में भोगनीपुर गंग नहर में डूबकर लापता हो गए थे। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने कई घंटे तक तलाश की, लेकिन रविवार को कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह फिर से शुरू किए गए सर्च ऑपरेशन में उनका शव जगसोरा नहर पुल के पास पानी में मिला।
शव मिलने से मचा कोहराम
शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और गांव में हर तरफ गम का माहौल बन गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।
ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा की मांग
इस दर्दनाक घटना से पूरा इलाका सदमे में है। ग्रामीणों ने नहर किनारे सुरक्षा बढ़ाने और संवेदनशील जगहों पर निगरानी रखने की मांग की है, ताकि आगे ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
यह भी पढ़े: दतिया उपचुनाव: भाजपा की जीत का दावा, बोले डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा- 'तैयारियां जोरों पर'