चितरंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ी सेकंड से एक मामला सामने आया है, जहां पुरानी रंजिश को लेकर पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप है।
सिंगरौली: जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ी सेकंड से एक मामला सामने आया है, जहां पुरानी रंजिश को लेकर पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला किए जाने का आरोप है। आरोपियों ने धारदार हथियार (चाकू) से हमला कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित प्रभाकांत जायसवाल, जो तेंदूहा गांव के निवासी हैं, उनकी शिकायत पर पुलिस ने कार्रवाई की है। शिकायत के अनुसार, गांव के ही रहने वाले लालप्रताप जायसवाल और उनके बेटे राजेंद्र जायसवाल ने पुरानी रंजिश को लेकर प्रभाकांत जायसवाल और उनके पुत्र पर हमला कर दिया। इस दौरान चाकू से कई वार किए गए, जिससे पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार, घायलों में से एक का इलाज अभी भी जारी है। इस पूरी घटना का वीडियो क्षेत्र में तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर हमले की घटना दिखाई दे रही है।
दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही चितरंगी थाना पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। पीड़ित की शिकायत पर आरोपी लालप्रताप जायसवाल और राजेंद्र जायसवाल के खिलाफ मारपीट और प्राणघातक हमले से संबंधित मामला दर्ज किया गया है। पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें: चालक को झपकी आने से अनियंत्रित हुआ ट्रेलर, हादसे में मौत; परिजनों ने की FIR और मुआवजे की मांग