प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

मालगाड़ी की कपलिंग टूटी, ट्रेन दो हिस्सों में

ग्रेड सेपरेटर पर अचानक टूटी मालगाड़ी की कपलिंग, दो हिस्सों में बंटी ट्रेन; मचा हड़कंप

कटनी में ग्रेड सेपरेटर के ऊपर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कोयले से लदी एक मालगाड़ी की कपलिंग अचानक टूट गई। कपलिंग टूटते ही चलती मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई।

 ग्रेड सेपरेटर पर अचानक टूटी मालगाड़ी की कपलिंग दो हिस्सों में बंटी ट्रेन मचा हड़कंप

Freight Train Coupling Breaks, Splits in Two |

मध्यप्रदेश: कटनी में ग्रेड सेपरेटर के ऊपर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कोयले से लदी एक मालगाड़ी की कपलिंग अचानक टूट गई। कपलिंग टूटते ही चलती मालगाड़ी दो हिस्सों में बंट गई। गनीमत रही कि ट्रेन के डिब्बे बेपटरी नहीं हुए और कोई बड़ा हादसा होते-होते टल गया। घटना के चलते इस रूट से गुजरने वाली कुछ अन्य गुड्स ट्रेनों की आवाजाही भी प्रभावित हुई।

सिंगरौली से रवाना हुई थी मालगाड़ी

जानकारी के मुताबिक कोयले से लदी यह मालगाड़ी सिंगरौली से रवाना हुई थी। तड़के सुबह करीब 4 बजे कटनी पहुंचने के बाद जैसे ही मालगाड़ी ग्रेड सेपरेटर के ऊपर से गुजरने लगी तभी अचानक ट्रेन की कपलिंग टूटकर ट्रेन दो हिस्सों में हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही रेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे।

मौके पर पहुंची रेल प्रशासन की टीम

कटनी रेल एरिया मैनेजर रोहित सिंह समेत रेल प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और सुधार कार्य शुरू कराया। एरिया मैनेजर के मुताबिक करीब दो से ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद रेल मार्ग को दोबारा चालू कर दिया गया। इस दौरान जबलपुर मंडल के कटनी रेल क्षेत्र की टीम ने कपलिंग को जोड़कर मालगाड़ी को आगे सागर रूट के लिए रवाना किया।

2 से 3 गुड्स ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित

रेल अधिकारी रोहित सिंह की माने तो ग्रेड सेपरेटर से गुजरने वाली करीब 2 से 3 अन्य गुड्स ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही। वहीं इस ग्रेड सेपरेटर पर पहली बार इस तरह की रेल घटना सामने आई है। फिलहाल मालगाड़ी की कपलिंग टूटने की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है। रेल अधिकारियों का कहना है कि घटना के कारणों और तकनीकी खामी की जांच उच्चाधिकारियों के स्तर पर कराई जाएगी।

ग्रेड सेपरेटर का क्या है इस्तेमाल?

बताया गया है कि यह ग्रेड सेपरेटर मुख्य रूप से गुड्स ट्रेनों की आवाजाही के लिए इस्तेमाल होता है। आपात स्थिति में यहां से यात्री ट्रेनों को भी निकाला जा सकता है। हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और मालगाड़ी की तकनीकी जांच को लेकर सवाल जरूर खड़े किए हैं।

यह भी पढ़े: दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई, 12 साल से फरार ₹50 हजार का इनामी आरोपी तमिलनाडु से गिरफ्तार

Related to this topic: