प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

रायबरेली में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु के पार

रायबरेली में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु के पार, करीब एक दर्जन गांवों का संपर्क कटा

रायबरेली के डलमऊ में लगातार बारिश के बीच गंगा का जलस्तर फिर बढ़कर 98.630 मीटर पहुंच गया, जो चेतावनी बिंदु 98.360 मीटर से ऊपर है। कटरी क्षेत्र के कई गांवों में जलभराव के कारण संपर्क मार्ग कट गए हैं।

रायबरेली में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु के पार करीब एक दर्जन गांवों का संपर्क कटा

रायबरेली में गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु के पार |

रायबरेली: पर्वतीय और मैदानी इलाकों में लगातार जारी बारिश के कारण रायबरेली के डलमऊ में गंगा का जलस्तर फिर बढ़ने लगा है। शुक्रवार को नदी का जलस्तर चेतावनी बिंदु (98.360 मीटर) को पार कर 98.630 मीटर पर पहुंच गया। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार, एक महीने के भीतर गंगा तीसरी बार इस स्तर को पार कर चुकी है, जिससे नदी किनारे बसे गांवों में बाढ़ का गंभीर खतरा बढ़ गया है।

करीब एक दर्जन गांवों का संपर्क मार्ग कटा

​जलस्तर बढ़ने से असर अब केवल खेतों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आबादी तक पहुंच गया है। कटरी क्षेत्र के कई गांवों के मुख्य रास्तों और बस्तियों में पानी भरने से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। खपरा ताल, पूरे रेवती, पूरे नया, आंबा, पूरे डंगरी, मोहद्दीनपुर, जहांगीराबाद और चकमलिक भीटी समेत करीब एक दर्जन गांवों का संपर्क मार्ग कट गया है। ग्रामीणों को आने-जाने के लिए अब नावों का सहारा लेना पड़ रहा है। बाढ़ के पानी से किसानों की कमर टूट गई है। करेला और परवल जैसी नकदी फसलों के साथ पशुओं के लिए बोया गया हरा चारा भी जलमग्न हो गया है, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। 

प्रशासन ने सक्रिय कीं बाढ़ चौकियां

जलभराव के बीच जहरीले जीव-जंतुओं का खतरा और दूषित पानी से संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बढ़ गई है। पशुओं के चारे और सुरक्षित ठिकाने की चिंता ग्रामीणों को सता रही है। ​एसडीएम प्रीति सिंह ने बताया कि प्रशासन स्थिति पर पैनी नजर रखे हुए है। जलस्तर फिलहाल नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर बाढ़ चौकियां सक्रिय कर दी गई हैं, जहां जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों के ठहरने, सुरक्षा और भोजन के समुचित इंतजाम किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें- हाथरस में खेत में किसान का शव मिलने से सनसनी, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
 

Related to this topic: