प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

दुकान से जिलेटिन और डेटोनेटर जब्त

डूंगरपुर में किराना दुकान से अवैध विस्फोटक सामग्री बरामद, दुकानदार गिरफ्तार

डूंगरपुर में ‘ऑपरेशन पृथ्वी’ के तहत पुलिस ने किराना दुकान से 53 जिलेटिन स्टिक, 5 टुकड़े, 100 डेटोनेटर और 46 फीट फ्यूज वायर बरामद कर दुकानदार को गिरफ्तार किया है।

डूंगरपुर में किराना दुकान से अवैध विस्फोटक सामग्री बरामद दुकानदार गिरफ्तार

Illegal Explosives Seized From Grocery Store in Dungarpur, Shopkeeper Arrested |

डूंगरपुर (राजस्थान)। जिले में अवैध विस्फोटक सामग्री के परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान 'ऑपरेशन पृथ्वी' के तहत ओबरी थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने कस्बे में स्थित एक किराना स्टोर पर दबिश देकर दुकान के काउंटर के अंदर से भारी मात्रा में अवैध विस्फोटक सामग्री बरामद की है। मामले में पुलिस ने आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

लक्ष्मण सिंह पंवार की किराना की दुकान पर दबिश

पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में ओबरी थानाधिकारी रमेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा कार्यवाही को अंजाम दिया गया। मुखबिर से मिली खास सूचना के आधार पर ओबरी थानाधिकारी मय जाब्ता ने ओबरी स्थित राजेन्द्र सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह पंवार की किराना की दुकान पर दबिश दी।

मुखबिर से मिली सूचना

मुखबिर से सूचना मिली थी कि राजेन्द्रसिंह ने अपनी दुकान पर भारी मात्रा में अवैध एक्सप्लोसिव पदार्थ छिपाकर रखा है। तलाशी वारंट लेने में लगने वाले समय के दौरान विस्फोटक सामग्री के खुर्द-बुर्द होने की प्रबल संभावना को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तुरंत मौके पर पहुंचकर दुकान की तलाशी ली।

कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका आरोपी 

तलाशी के दौरान काउंटर के अंदर रखे एक सफेद प्लास्टिक के कट्टे से 53 नग और 5 टुकड़े जिलेटीन के गुल्ले, 100 नग डेटोनेटर, 46 फीट फ्युज वायर जब्त किया। पुलिस द्वारा वैध लाइसेंस या कागजात मांगे जाने पर आरोपी राजेन्द्र सिंह कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। मानव जीवन को संकट में डालने वाली इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बिना लाइसेंस के अवैध रूप से अपने कब्जे में रखने पर आरोपी के खिलाफ विस्फोटक पदार्थ अधिनियम 1884 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की अनुसंधान और पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस अवैध विस्फोटक सामग्री को कहाँ और किस उपयोग के लिए लाया गया था। 

यह भी पढ़ें: डिंडौरी में अवैध शराब पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 107 लीटर शराब जब्त

Related to this topic: