चक्काजाम के कारण चौराहे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है
शाजापुर जिले के कालपीपल मे वार्ड क्रमांक 2 राज कॉलोनी के निवासियों के सब्र का बांध आज आखिरकार टूट गया। पिछले 10 वर्षों से सड़क निर्माण की बाट जोह रहे वार्ड वासियों ने आज न्यू बस स्टैंड चौराहे पर एकत्रित होकर उग्र प्रदर्शन किया और 'रोड रोको अभियान' के तहत चक्काजाम कर दिया। भीषण और चिलचिलाती धूप की परवाह किए बिना बड़ी संख्या में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा सड़क पर ही धरने पर बैठ गए हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पिछले एक दशक से लगातार राज कॉलोनी की जर्जर सड़क को बनवाने की मांग कर रहे हैं। नगर परिषद पानखेड़ी के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा उन्हें हर बार केवल कोरा आश्वासन ही दिया गया। धरातल पर आज तक सड़क निर्माण को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे परेशान होकर आज उन्हें यह कदम उठाना पड़ा।
वार्ड वासियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि प्रशासन और नगर परिषद की वादाखिलाफी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जब तक सड़क निर्माण का कार्य जमीनी स्तर पर शुरू नहीं हो जाता, तब तक यह चक्काजाम और अनिश्चितकालीन हड़ताल लगातार जारी रहेगी।
'रोड नहीं तो वोट नहीं' के नारों से गूंजा कालपीपल, सड़क पर उतरे वार्डवासी
चक्काजाम के कारण चौराहे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है