इंदौर। शहर में एक बेहद चौंकाने वाली और विचलित करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ कर्नाटक की एक महिला लेखिका...
इंदौर। शहर में एक बेहद चौंकाने वाली और विचलित करने वाली घटना सामने आई है। यहाँ कर्नाटक की एक महिला लेखिका और रिसर्चर, परवीन, को भीड़ ने 'बच्चा चोर' होने के संदेह में बेरहमी से पीट दिया। विडंबना यह है कि महिला शहर में सामाजिक शोध (research) के सिलसिले में आई थीं।
यह है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार, लेखिका परवीन इंदौर में 'तीन तलाक' जैसे संवेदनशील विषय पर एक किताब लिखने के लिए डेटा और जानकारी जुटाने आई थीं। घटना वाले दिन वह कुछ काम से बाहर निकली थीं, तभी स्थानीय लोगों ने उन्हें संदिग्ध समझकर घेर लिया।
बिना सबूत लगाया आऱोप
भीड़ ने बिना किसी ठोस सबूत के उन पर बच्चा चोर होने का आरोप लगा दिया। भीड़ ने उन्हें घेरकर मारपीट की। घटना को करीब डेढ़ महीना बीत चुका है, लेकिन पीड़िता का आरोप है कि अभी तक इस मामले में एफआईआर (FIR) दर्ज नहीं की गई है।
लेखिका कर रही पुलिस से गुहार
पिटाई के बाद से ही परवीन कर्नाटक से लगातार इंदौर पुलिस से संपर्क कर रही हैं और न्याय की गुहार लगा रही हैं। उनका कहना है कि वह केवल अपने शैक्षणिक और लेखन कार्य के लिए वहां गई थीं, लेकिन अफवाहों की वजह से उन्हें शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी।
बच्चा चोरी की अफवाह गर्म
इंदौर और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ समय से बच्चा चोरी की झूठी अफवाहें तेजी से फैल रही हैं। पुलिस ने बार-बार अपील की है कि लोग कानून अपने हाथ में न लें और किसी भी संदिग्ध की सूचना तुरंत पुलिस को दें, लेकिन इसके बावजूद इस तरह की हिंसक घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/congress-releases-list-of-candidates-for-west-bengal-assembly-elections/152818