खरगौन के भग्यापुर गांव में 22 दिनों के भीतर कई चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत फैल गई है। सोने-चांदी, नकदी और वाहन चोरी होने से लोग आक्रोशित हैं और पुलिस पर सवाल उठा रहे हैं।
खरगौन (मध्यप्रदेश)। थाना क्षेत्र के ग्राम भग्यापुर में चोरों के हौसले बुलंद साबित हो रहे हैं। पिछले 22दिनों के भीतर पाँच से छह स्थानों पर चोरी की वारदात हुई हैं। जिसमें अज्ञात चोर जरूरी सामान के साथ सोने चांदी के आभूषण, वाहन एवम नगदी रुपयों पर हाथ साफ कर गए।
चोरी की बढ़ती वारदातों से ग्रामीणों में आक्रोश
वहीं चोरी की बढ़ती वारदातों से ग्रामीणों में खासा आक्रोश व्याप्त हैं। ग्रामीणों ने कहा,पुलिस गश्त के बावजूद भी चोर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। वहीं दिन में भी चोरी की घटनाएं हो रही हैं, जिससे लोगों में गुस्सा साफ देखा जा रहा हैं। फ़िलहाल पुलिस चोरों को पकड़ने में नाकाम साबित हो रही हैं। सबसे पहले चोरों ने पचम्बा के घरों को निशाना बनाया। जहाँ पर मड़िया के यहां मकान में सात जून की रात्रि में बदमाशों ने धावा बोलकर पेटी में रखे सोने चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ किये।
रणजीत चौहान के घर से 20 हजार की चोरी
मालसिंह फालिया निवासी रणजीत चौहान के घर से बदमाश 20हज़ार रुपए नगद लेकर फरार हो गए। रणजीत ने बताया कि,मैंने खाद बीज लाने के लिए रिश्तेदार से 20 हज़ार रुपए उधार लिए थे। पैसे चोरी होने के बाद मानसिक तनाव में आकर पैरालिसिस में आ गया। पास ही स्थित खरगौन मार्ग पर महेश शर्मा के मकान से छह जून को चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की घटना को अंजाम देकर अलमारी में रखे 23 हज़ार रुपए नगद राशि के साथ सोने के आभूषण चुराए।
अज्ञात बदमाश ने मंदिर में रखी पानी की टुल्लू मोटर पंप भी ले भागे
महेश शर्मा की भग्यापुर में मोटर वाईल्डिंग की दुकान भी है। यहां पर 23 जून की दरमियानी रात्रि में बदमाशों ने दुकान के ताले तोड़कर,18 किलो कॉपर तार चोरी किए, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 22 से 23 हजार बताई गईं। अज्ञात बदमाश ग्राम के निर्माणाधीन श्री हनुमान मंदिर में रखी पानी की टुल्लू मोटर पंप भी ले भागे।
पुलिस थाने में अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध शिकायत दर्ज़
वहीं गांव के ही सुनील चौहान की मोटरसाइकिल दिनदहाड़े खेत के पास से गायब हो गईं। सभी पीड़ितों ने पुलिस थाने में अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध शिकायत दर्ज़ करवाई हैं। ग्रामीणों का कहना हैं कि,यदि चोरी की वारदातों पर अंकुश नहीं लगता हैं, तो ग्रामीण बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
पुलिस चोरों से कोसों दूर
फ़िलहाल पुलिस चोरों से कोसों दूर हैं। जिससे कि, कानून व्यवस्था पर कई सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं। एक ही गांव में इतनी चोरी की घटनाएं होना,ग्रामीणों में आक्रोश होना जायज़ है।
यह भी पढ़े: मथुरा में सोशल मीडिया शिकायत पर डीएम का एक्शन, गांव में चला सफाई अभियान