प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

मैहर में भीषण सड़क हादसा

गया से पिंडदान कर लौट रहे दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत, डिवाइडर से टकराई इनोवा

मैहर के पौड़ी गांव के पास इनोवा कार डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में गया से लौट रहे दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल है।

गया से पिंडदान कर लौट रहे दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत डिवाइडर से टकराई इनोवा

Maihar Road Accident: Two Brothers Killed, Driver Seriously Injured |

मैहर (मध्य प्रदेश)। गया (बिहार) में अपने पितरों का पिंडदान और श्राद्ध कर्म संपन्न कराकर लौट रहे दो सगे भाइयों की शनिवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग पर मैहर के पौड़ी गांव के पास तड़के करीब 4 बजे हुआ, जहां उनकी अनियंत्रित इनोवा कार सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दोनों भाइयों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान दमोह (मध्य प्रदेश) निवासी डॉ. संजय गंगेले (59) और उनके बड़े भाई सुधीर गंगेले (61) के रूप में हुई है। सुधीर गंगेले एक स्कूल में प्रिंसिपल के पद पर कार्यरत थे, जबकि डॉ. संजय गंगेले जाने-माने चिकित्सक थे। उनकी पत्नी डॉ. श्रद्धा गंगेले भी दमोह की विख्यात स्त्री रोग विशेषज्ञ हैं, जो हादसे के समय किसी कार्य से भोपाल में थीं।

चालक को झपकी आने की आशंका

शुरुआती जांच और परिस्थितियों के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि देर रात लंबे सफर के कारण कार चला रहे ड्राइवर राजा रैकवार को तड़के अचानक झपकी आ गई। इसके चलते तेज रफ्तार इनोवा (MP 20 BA 5139) पर से उसका नियंत्रण छूट गया और वाहन सीधे डिवाइडर में जा घुसा। पुलिस जांच व आगे की कार्रवाई ,घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल चालक राजा रैकवार को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस जांच शुरू

मैहर पुलिस ने हादसे की सूचना दमोह में रह रहे परिजनों को दे दी है। परिजनों के मैहर पहुंचने के बाद दोनों शवों का पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना से दमोह क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

यह भी पढ़ें:   बैतूल-इंदौर स्टेट हाईवे पर भीषण हादसा, हार्वेस्टर की टक्कर से युवक की मौत और दूसरा गंभीर

Related to this topic: