जेडीयू नेता नीरज कुमार ने स्नातक विधान परिषद चुनाव में लगातार चौथी बार जीत दर्ज की। उनकी जीत की खबर मिलते ही मोकामा के थाना चौक पर समर्थकों ने मिठाई बांटकर और आतिशबाजी कर जश्न मनाया।
पटना: स्नातक विधान परिषद (MLC) चुनाव में जेडीयू नेता नीरज कुमार ने शानदार जीत दर्ज करते हुए लगातार चौथी बार इस सीट पर कब्जा जमाया है। नीरज कुमार की जीत की खबर मिलते ही मोकामा में जश्न का माहौल बन गया। सुबह से ही थाना चौक पर जुटे उत्साहित समर्थकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और जमकर आतिशबाजी कर जीत का उत्सव मनाया।
अनंत सिंह के समर्थन के बावजूद नीरज कुमार की जीत
इस बार का चुनाव बेहद दिलचस्प और प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया था, क्योंकि मोकामा के बाहुबली पूर्व विधायक अनंत सिंह खुलकर जन सुराज समर्थित प्रत्याशी अनुज कुमार के समर्थन में उतरे थे। अनंत सिंह की पूरी ताकत झोंकने के बावजूद स्नातक मतदाताओं ने नीरज कुमार के पुराने काम और अनुभव पर ही मुहर लगाई। नतीजतन अनंत सिंह समर्थित प्रत्याशी को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा। इस ऐतिहासिक जीत के साथ नीरज कुमार ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि स्नातक मतदाताओं के बीच उनकी पकड़ आज भी पहले जैसी मजबूत बनी हुई है।
ये भी पढ़ें- उमर खालिद और शरजील इमाम की जमानत पर बहस, जस्टिस कौल ने न्यायिक प्रक्रिया पर उठाए सवाल