नीट पेपर लीक विवाद को लेकर बिहार में उग्र प्रदर्शन। छपरा और पटना में झड़प, पुलिस पर पथराव और तेज प्रताप यादव हिरासत में। जानिए राज्य की ताजा स्थिति।
सारण (बिहार)। बिहार के छपरा में शनिवार को NEET परीक्षा के मुद्दे पर छात्रों का विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया। अधिकारियों के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर पथराव किया। हिंसा की सूचना मिलते ही सारण के जिला मजिस्ट्रेट वैभव श्रीवास्तव और सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (SSP) विनीत कुमार समेत जिले के वरिष्ठ अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पटना में हिरासत में लिए गए तेज प्रताप यादव
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर कर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि कानून व्यवस्था अब नियंत्रण में है, हालांकि इलाके में तनाव अभी भी बना हुआ है। इसी बीच पटना में, जनशक्ति जनता दल (JJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेज प्रताप यादव गांधी मैदान में छात्रों के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए और उनकी मांगों का समर्थन किया। बाद में प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।
तेज प्रताप यादव ने छात्रों का किया समर्थन
हिरासत में लिए जाने के दौरान तेज प्रताप यादव ने प्रदर्शनकारी छात्रों का समर्थन किया और सरकार से उनकी चिंताओं पर ध्यान देने की अपील की। उन्होंने पत्रकारों से कहा, "बच्चों की मांगें जायज हैं। सरकार को उनकी मांगें पूरी करनी चाहिए और हम मजबूती से उनके साथ खड़े हैं। मैं छात्रों और युवाओं के लिए अपनी जान देने को भी तैयार हूँ।"
पटना और औरंगाबाद में पुलिस के साथ झड़प
पटना में विरोध प्रदर्शन के दौरान ट्रैफिक पुलिस के एक बूथ में तोड़फोड़ की गई। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प के बाद प्रदर्शन हिंसक हो गया। पथराव भी हुआ, जिसके बाद पुलिस को प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। औरंगाबाद में प्रदर्शन के दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। NEET परीक्षा के मुद्दे पर 'बिहार बंद' के आह्वान के बाद पूरे बिहार में विरोध प्रदर्शन हुए। छात्र शिक्षा व्यवस्था में सुधार और परीक्षा प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे।
बिहार बंद के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था सख्त
NEET पेपर लीक के मुद्दे पर राज्यव्यापी बंद के आह्वान के मद्देनजर पूरे बिहार में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पटना के गांधी मैदान समेत अहम जगहों पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील इलाकों में कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
समस्तीपुर में सड़क जाम और तोड़फोड़
प्रदर्शनकारियों ने राज्य की राजधानी में पुलिस की गाड़ियों में तोड़फोड़ की और उन्हें पलट दिया, जबकि विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों को एक व्यक्ति को घसीटते हुए ले जाते देखा गया। NEET परीक्षा के पेपर लीक मामले को लेकर राज्यव्यापी बंद के तहत अखिल भारतीय छात्र संघ (AISA) के सदस्यों ने समस्तीपुर-पटना मुख्य सड़क को अवरुद्ध कर दिया।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: औरंगाबाद में NEET विरोध प्रदर्शन उग्र, पथराव में पुलिसकर्मी, पत्रकार समेत 3 घायल