प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 'मन की बात' में...

पीएम मोदी ने 'मन की बात' में की उत्तर प्रदेश की तारीफ, एक दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने पर जताया गर्व

'मन की बात' में पीएम मोदी ने उत्तर प्रदेश में एक दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने के रिकॉर्ड की सराहना की। सीएम योगी ने इसे जनभागीदारी की ऐतिहासिक सफलता बताया।

पीएम मोदी ने मन की बात में की उत्तर प्रदेश की तारीफ एक दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने पर जताया गर्व

File Photo |

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को 'मन की बात' के 136वें एपिसोड में उत्तर प्रदेश की सराहना की। उन्होंने कहा, "एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत यूपी में जनशक्ति का अद्भुत संकल्प देखने को मिला। वहां (उप्र) एक ही दिन में 12 जुलाई को 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाए गए हैं। उत्तर प्रदेश से सांसद होने के नाते मेरे लिए ये विशेष गर्व की बात है।"

प्रकृति संरक्षण के लिए देशवासियों से पीएम की अपील

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज देश-भर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के माध्यम से लोग प्रकृति के प्रति अपना दायित्व निभा रहे हैं। जब समाज इस भावना से जुड़ता है तो सामने बहुत सुन्दर और प्रेरक उदाहरण आते हैं। उन्होंने कहा कि पेड़ केवल मनुष्यों के लिए नहीं होते, वे अनगिनत जीवों के घर भी होते हैं। प्रधानमंत्री ने देशवासियों से अपील की कि हम सभी अपने जीवन के किसी विशेष अवसर को प्रकृति से जरूर जोड़ें। एक पेड़ मां के नाम लगाएं। आज का लगाया छोटा सा पौधा, आने वाली पीढ़ियों के लिए हरियाली, स्वच्छ हवा और सुंदर भविष्य की विरासत बन सकता है।

सीएम योगी ने पीएम मोदी का जताया आभार

'मन की बात' में उत्तर प्रदेश की सराहना के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर प्रधानमंत्री के प्रति आभार जताया। मुख्यमंत्री ने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा आज 'मन की बात' कार्यक्रम में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत उत्तर प्रदेश में एक दिन में 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जाने का उल्लेख पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रदेश की सामूहिक चेतना और जनभागीदारी की ऐतिहासिक सफलता का सम्मान है।

हरित विकास के संकल्प को आगे बढ़ाने का भरोसा

मुख्यमंत्री ने लिखा कि उत्तर प्रदेश ने यह सिद्ध किया है कि प्रकृति के प्रति संवेदनशील समाज ही 'विकसित भारत' की सबसे सुदृढ़ आधारशिला रख सकता है। सीएम योगी ने विश्वास दिलाया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश प्रकृति संरक्षण, जनभागीदारी और हरित विकास के इस राष्ट्रीय संकल्प को निरंतर नई ऊर्जा देता रहेगा।
​(Published By: Ravi Pandey)

यह भी पढ़ें: पढ़ाई में पीछे छूटे बच्चों को मुख्यधारा में लाएगी योगी सरकार, कैच-अप शिक्षण अभियान को मिलेगी नई गति

Related to this topic: