पोरसा थाना पुलिस ने 24 वर्षीय महिला से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मुरैना (मध्यप्रदेश)। पोरसा थाना पुलिस ने 24 वर्षीय महिला से दुष्कर्म के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने महिला को घर छोड़ने का झांसा देकर सुनसान मकान में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया था।
मायके से ससुराल जा रही थी पीड़िता
पुलिस के अनुसार पीड़िता 5 जून की शाम अपने मायके रामनगर से ससुराल गुढ़ा जा रही थी। इसी दौरान जौटई रोड स्थित पुल के आगे गांव का ही रहने वाला सुदीप मोटरसाइकिल से मिला। महिला के मना करने के बावजूद आरोपी ने बदनामी करने और पति सहित जान से मारने की धमकी देकर उसे जबरन बाइक पर बैठा लिया।
दुष्कर्म के बाद बस स्टैंड पर छोड़ हुआ फरार
आरोप है कि आरोपी महिला को गुलाब का पुरा स्थित पिनाहट रोड के एक खाली मकान में ले गया, जहां उसने उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया। घटना के बाद अगले दिन सुबह आरोपी महिला को पोरसा बस स्टैंड पर छोड़ गया और किसी को घटना की जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज
पीड़िता की शिकायत पर पोरसा थाना पुलिस ने आरोपी सुदीप निवासी गुढ़ा, थाना महुआ के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 87, 64(2)(एम), 127(2) एवं 351(2) के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले की विवेचना जारी है।
यह भी पढ़ें: फतेहपुर में बुजुर्ग का संदिग्ध हालात में मिला शव, जमीन विवाद में हत्या की आशंका