लालगंज कोतवाली क्षेत्र के रायबरेली-सरेनी बाईपास पर बुधवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. रोड किनारे खड़े एक खराब ट्रक में अनियंत्रित मोटरसाइकिल पीछे से जा घुसी.
रायबरेली {उत्तर प्रदेश} : लालगंज कोतवाली क्षेत्र के रायबरेली-सरेनी बाईपास पर बुधवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. रोड किनारे खड़े एक खराब ट्रक में अनियंत्रित मोटरसाइकिल पीछे से जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
घर लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, सरेनी थाना क्षेत्र के गजियापुर गांव निवासी सर्वेश मौर्या (40) अपने साथी आयुष मौर्या (22) के साथ बुधवार रात बाइक से घर लौट रहे थे. जैसे ही उनकी बाइक रायबरेली-सरेनी बाईपास पर प्रताप ढाबा के पास पहुंची, तभी सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक से अनियंत्रित होकर टकरा गई.
मौके पर मची अफरा-तफरी
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर तत्काल पहुंची पुलिस ने दोनों को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लालगंज पहुंचाया. जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद चालक सर्वेश मौर्या को मृत घोषित कर दिया.
घायल युवक जिला अस्पताल रेफर
वहीं, गंभीर रूप से घायल आयुष मौर्या को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. जैसे ही इस दुखद घटना की खबर गजियापुर गाँव पहुंची, पूरे इलाके में सन्नाटा पसर गया.
परिजनों में मचा कोहराम
मृतक सर्वेश की पत्नी शशि, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में शोक का माहौल है और लोग परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं.
जांच में जुटी पुलिस
लालगंज कोतवाली प्रभारी प्रमोद सिंह ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया गया है. शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है. तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. बाईपास पर खड़े खराब ट्रक की भी जांच की जा रही है.
यह भी पढ़े: आज ही के दिन लगा था आपातकाल, जानिए 21 महीनों के उस दौर की पूरी कहानी