प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

22 जून को ताजपुर थाने का घेराव करेगा भाकपा माले

समस्तीपुरः 25 दिन बाद भी हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं, खुलेआम घूम रहे अपराधी

पुलिस जानबूझकर संजीव कुमार सहनी हत्याकांड में संलिप्त अपराधियों को बचाने का प्रयास कर रही है, जिससे मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।

समस्तीपुरः  25 दिन बाद भी हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं खुलेआम घूम रहे अपराधी

पीड़ित परिवार |

समस्तीपुर (बिहार): मोटरसाइकिल मिस्त्री संजीव कुमार सहनी हत्याकांड में घटना के 25 दिन बीत जाने के बावजूद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में ताजपुर नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या-27 स्थित मोतीपुर में बुधवार को मृतक के आवास पर ग्रामीणों की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए 22 जून को ताजपुर थाना के घेराव का निर्णय लिया गया।

हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराजगी

बैठक में उपस्थित ग्रामीणों एवं भाकपा माले नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण अब तक हत्यारे खुलेआम घूम रहे हैं। थाना क्षेत्र में हत्या-अपराध की घटनाओं में बेतहाशा वृद्धि हुई है। चाहे सोना चोरी कांड हो या फिर कई हत्या-अपराध हो, किसी भी घटना का खुलासा करने में पुलिस नाकाम रही है और इसका फायदा हत्यारे-अपराधी उठा रहे हैं और आमजन में चिंता व्याप्त है। वक्ताओं ने कहा कि पुलिस जानबूझकर संजीव कुमार सहनी हत्याकांड में संलिप्त अपराधियों को बचाने का प्रयास कर रही है, जिससे मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।ग्रामीणों ने बताया कि 15 मई को ताजपुर के गांधी चौक के पास रमजान अली स्कूल के समीप मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने मोटरसाइकिल मिस्त्री संजीव कुमार सहनी पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाकर उनके गैरेज पर ही उनकी हत्या कर दी थी। इसे लेकर मृतक के पिता देवकी सहनी ने ताजपुर थाना में कांड संख्या 98/26 दर्ज कराया था। घटना के बाद थानाध्यक्ष से लेकर पुलिस उपाधीक्षक तक ने चार दिनों के अंदर हत्यारे को गिरफ्तार करने का आश्वासन आंदोलन पर उतारू सैकड़ों जनता को दिया था, लेकिन करीब महीना बीतने को है।

पुलिस पर लापरवाही का आरोप

मृतक का मोबाइल से लेकर कई तथ्य पुलिस के पास है, फिर भी पुलिस घटना का उद्भेदन नहीं कर सकी है और न ही अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने आई है। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि यदि अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो भाकपा माले के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महागठबंधन से जुड़े दलों के कार्यकर्ताओं, ग्रामीणों ताजपुर थाना का घेराव कर जोरदार आंदोलन करेंगे। वक्ताओं ने कहा कि न्याय मिलने तक संघर्ष जारी रहेगा। बैठक में ग्रामीणों ने प्रशासन से हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी, मृतक परिवार को उचित मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी की। बैठक में भाकपा माले के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह, प्रखंड कमिटी सदस्य ललन दास, जीतेंद्र कुमार सहनी, मृतक के पिता देबकी सहनी, मृतक की पत्नी रवीना देवी, मृतक का भाई सुशील सहनी, कुशी सहनी, सोनिया देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, सामाजिक कार्यकर्ता एवं भाकपा माले के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

इसे भी पढ़ेंः  आइसलैंड पर अर्जेंटीना की 3-0 से जीत के बाद लियोनेल मेस्सी अपनी फिटनेस से खुश

Related to this topic: