प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

त्योहार पर घर लौट रहे थे मजदूर

यूपी के संभल में पलटी बिहार जा रही स्लीपर बस, 20 से ज्यादा यात्री घायल; करीब 150 यात्री थे सवार

संभल में गंगा एक्सप्रेसवे पर पंजाब-हरियाणा से बिहार जा रही ओवरलोड डबल-डेकर बस पलटने से 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। त्योहार पर घर लौट रहे थे प्रवासी मजदूर।

यूपी के संभल में पलटी बिहार जा रही स्लीपर बस 20 से ज्यादा यात्री घायल करीब 150 यात्री थे सवार

Overturned sleeper bus on Sambhal expressway |

संभल (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में बुधवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गंगा एक्सप्रेसवे पर पंजाब और हरियाणा से बिहार जा रही एक डबल-डेकर स्लीपर बस पलट जाने से 20 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। बस में क्षमता से तीन-चार गुना ज्यादा यात्री सवार थे।

यह हादसा बुधवार सुबह करीब 4:30 से 5:30 बजे के बीच हुआ। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बस में करीब 150 से 200 यात्री ठूंस-ठूंसकर भरे हुए थे। ये सभी प्रवासी मजदूर और उनके परिवार थे, जो दीवाली और छठ पूजा के मद्देनजर पूर्णिया, दरभंगा, सुपौल और सीतामढ़ी जैसे जिलों के लिए निकले थे। तेज रफ्तार और ड्राइवर की लापरवाही इस दुर्घटना की मुख्य वजह बताई जा रही है।

यात्रियों ने बयां किया खौफनाक मंजर

अंबाला से बस में सवार हुए सुपौल निवासी यात्री मुकेश कुमार ने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा, "ड्राइवर बहुत तेज गति से गाड़ी चला रहा था और उसने नियंत्रण खो दिया। बस दो बार बुरी तरह डगमगाई और तीसरी बार सड़क किनारे पलट गई। इसमें 150 से ज्यादा लोग ऐसे भरे थे जैसे ट्रेन का कोई जनरल डिब्बा हो। हमें बाहर निकलने के लिए खिड़कियों के शीशे तक तोड़ने पड़े।"

एक अन्य यात्री फरजाना परवीन ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया, "बस में करीब 200 लोग ठूंस-ठूंसकर भरे थे। ड्राइवर ने रास्ते में किसी ढाबे पर शराब पी रखी थी और वह लगातार लापरवाही से बस चला रहा था। सुबह करीब साढ़े पांच बजे अचानक बस जोरदार धमाके के साथ पलट गई, जिससे महिलाएं और बच्चे नीचे दब गए।"

प्रशासन और अस्पताल की त्वरित कार्रवाई

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंच गया। आपातकालीन खिड़कियों को तोड़कर बच्चों और महिलाओं समेत सभी फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस के जरिए संभल जिला अस्पताल भेजा गया।

संभल जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. राजेंद्र सैनी ने स्थिति की जानकारी देते हुए बताया, "गंगा एक्सप्रेसवे हादसे में घायल 20 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी मरीजों का इलाज जारी है और वे डॉक्टरों की निरंतर निगरानी में हैं। अस्पताल में पर्याप्त दवाइयां और मेडिकल स्टाफ तैनात है।"

पुलिस ने हाईवे से क्षतिग्रस्त बस को हटवाकर यातायात सुचारू कर दिया है। साथ ही, बस की ओवरलोडिंग और ड्राइवर की लापरवाही के मामले में सख्त कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: बिजनौर में डीसीएम की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चालक की मौत, दो दर्जन लोग घायल

Related to this topic: