वाराणसी खंड स्नातक और शिक्षक MLC सीटों की मतगणना के बीच सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने परिणामों की घोषणा में देरी पर सवाल उठाए। उन्होंने शिक्षक सीट पर लाल बिहारी यादव की जीत।
वाराणसी: वाराणसी खंड स्नातक और शिक्षक निर्वाचन सीटों की मतगणना के बीच समाजवादी पार्टी ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। चंदौली से सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने दावा किया कि शिक्षक निर्वाचन सीट से पार्टी के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव जीत चुके हैं, जबकि स्नातक सीट पर आशुतोष सिन्हा करीब 3000 मतों से आगे चल रहे हैं। उन्होंने दोनों सीटों पर सपा की जीत का भरोसा जताते हुए परिणामों की घोषणा में देरी पर नाराजगी जाहिर की। वीरेंद्र सिंह ने आरोप लगाया कि लाल बिहारी यादव की जीत के बावजूद जिला प्रशासन ने छह घंटे तक आधिकारिक घोषणा नहीं की।
देरी पर सपा सांसद ने उठाए सवाल
उन्होंने कहा कि मतगणना के प्रत्येक राउंड का परिणाम सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि राजनीतिक दलों के नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच भ्रम की स्थिति न बने। सपा सांसद के मुताबिक, मतगणना स्थल से सही जानकारी नहीं मिल पाने के कारण कार्यकर्ताओं में असमंजस है। इसके बावजूद पार्टी के कार्यकर्ता धैर्य बनाए रखते हुए परिणामों का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कई जगह प्रत्याशियों की जीत घोषित हो चुकी है, लेकिन शिक्षक सीट पर घोषणा में देरी समझ से परे है। सांसद ने मतगणना में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि अगर किसी प्रकार की हेराफेरी सामने आती है तो इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। उन्होंने सवाल उठाया कि बढ़त और जीत के दावों के बीच आधिकारिक परिणाम जारी करने में देरी क्यों हो रही है।
एमएलसी रुझानों को 2027 चुनाव से जोड़कर बोले सपा सांसद
हालांकि, मतगणना में गड़बड़ी के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वीरेंद्र सिंह ने एमएलसी चुनाव के रुझानों को आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव से जोड़ते हुए कहा कि शिक्षक सीट पर सपा की जीत और स्नातक सीट पर आशुतोष सिन्हा की बढ़त पार्टी के लिए सकारात्मक संकेत हैं। उन्होंने दावा किया कि साल 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी अपना परचम लहराएगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सपा के प्रदर्शन को 2029 के लोकसभा चुनाव से जोड़ते हुए इसे प्रधानमंत्री की विदाई का संकेत भी बताया। सांसद ने कहा कि स्नातक सीट पर भी जीत की पुष्टि जल्द हो जाएगा।
ये भी पढ़ें- देवा मेले में सूफियाना परंपरा और गंगा-जमुनी तहजीब की दिखी झलक