उत्तर प्रदेश के बलिया में देश में केंद्रीय परीक्षाओं में कथित धांधली और भ्रष्टाचार को लेकर छात्रों का आक्रोश बढ़ता जा रहा।
बलिया (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश के बलिया में देश में केंद्रीय परीक्षाओं में कथित धांधली और भ्रष्टाचार को लेकर छात्रों का आक्रोश बढ़ता जा रहा। इसी क्रम में बलिया में भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं और टीडी कॉलेज के छात्र नेताओं ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी के खिलाफ उग्र प्रदर्शन किया। छात्रों ने एनटीए को एक भ्रष्ट एजेंसी बताते हुए उसकी अर्थी जलाई और जमकर नारेबाजी की।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी को बताया भ्रष्ट
संगठन के जिला अध्यक्ष हार्दिक पांडेय ने मीडिया से बातचीत में सरकारी एजेंसियों और सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा देश में केंद्रीय परीक्षाओं का आयोजन करने वाली नेशनल टेस्टिंग एजेंसी पूरी तरह भ्रष्ट हो चुकी है। इस एजेंसी का एकमात्र उद्देश्य छात्रों और नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना रह गया है। परीक्षा के पेपर महंगे-महंगे पूंजीपतियों और भ्रष्ट लोगों को बेचकर मेधावी और परिश्रमी छात्रों का भविष्य बर्बाद किया जा रहा है।
प्रशासन पर लगाया प्रदर्शन रोकने का आरोप
प्रदर्शन के दौरान भारी पुलिस बल की तैनाती को लेकर छात्र नेता ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार का भ्रष्ट प्रशासन छात्रों को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध भी दर्ज नहीं करने दे रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उन्हें एनटीए की अर्थी और पुतला जलाने से रोकने का प्रयास किया। हार्दिक पांडेय ने कहा कि वर्तमान सरकार छात्र संघ चुनाव को बंद करके और छात्रों की आवाज को दबाकर हर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को नाकाम करने की कोशिश कर रही है। आपको बता दें कि इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन और छात्रों के बीच नोक-झोंक भी देखने को मिला। पुलिस ने प्रतीकात्मक अर्थी को छात्रों से छीन लिया जिसके कारण छात्रों में आक्रोश देखने को मिला।
प्रमुख मांगे और आगामी रणनीति
छात्रों ने इस मामले में सीधे तौर पर केंद्र सरकार, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और एनटीए को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने सरकार के सामने अपनी मांगे रखते हुए कहा कि एनटीए पर तुरंत प्रतिबंध लगाया जाए। कथित धांधली और मानसिक तनाव के कारण आत्महत्या करने वाले सभी छात्र छात्राओं के परिवारों को उचित मुआवजा और न्याय दिया जाए। भविष्य की परीक्षाओं में पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। चेतावनी देते हुए छात्रों ने कहा कि वह गांधीवादी विचारधारा के अनुयाई है और लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी लड़ाई जारी रखेंगे लेकिन यदि सरकार ने उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया और पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की तो वह एक उग्र और बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/modi-gifts-melody-to-meloni-during-rome-visit/206533
PM मोदी ने मेलोनी को गिफ्ट की 'मेलोडी' टॉफी, रोम में दिखी खास दोस्ती