नगर कोतवाली क्षेत्र में दो सगी बहनों से छेड़खानी के मामले में वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस तथा चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
सुल्तानपुर (उत्तर प्रदेश)। नगर कोतवाली क्षेत्र में दो सगी बहनों से छेड़खानी के मामले में वांछित आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस तथा चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है। घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस पर की फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में हुआ घायल
पुलिस के अनुसार 10 और 11 जून की दरमियानी रात करीब 2:15 बजे थाना कोतवाली नगर पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक हवाई पट्टी के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर जनपदीय एसओजी टीम और कोतवाली नगर पुलिस ने संयुक्त रूप से इलाके की घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया।
दो सगी बहनों से छेड़खानी मामले में था वांछित
पूछताछ में आरोपी की पहचान मोहम्मद आसिफ (27 वर्ष), पुत्र इश्तियाक अहमद, निवासी शास्त्री नगर, थाना कोतवाली नगर, जनपद सुलतानपुर के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक 9 जून को दो सगी बहनें घर लौट रही थीं। इसी दौरान सुनसान इलाके में बिजली कटने का फायदा उठाकर आरोपी ने उनके साथ छेड़खानी की थी। इस मामले में कोतवाली नगर थाने में पहले से मुकदमा दर्ज था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस और चोरी की बाइक बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। अपर पुलिस अधीक्षक सुलतानपुर वृजनारायण सिंह ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
यह भी पढ़ें: रायबरेली में धू-धूकर जली रोडवेज बस, खिड़कियों से कूदकर भागे सहमे यात्री