संजीव सहनी हत्याकांड समेत अन्य मामलों के खुलासे व अपराध पर रोक की मांग को लेकर भाकपा माले 22 जून को ताजपुर थाना घेराव करेगी।
समस्तीपुर (बिहार): जिले की बड़ी घटनाओं में से एक 98/26 संजीव सहनी हत्याकांड समेत क्षेत्र के अन्य सभी हत्याकांडों के हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी, बढ़ते हत्या, लूट, छिनतई एवं आपराधिक घटनाओं पर रोक लगाने की मांग को लेकर भाकपा माले 22 जून को ताजपुर थाना का घेराव करेगी। इस संबंध में पार्टी ने पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तथा अनुमंडल पदाधिकारी को पत्र भेजकर कार्यक्रम की सूचना दी है।
11 बजे निकलेगा जुलूस, थाने पर होगा प्रदर्शन
भाकपा माले के प्रखंड सचिव सुरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि 22 जून को 11 बजे से जनता मैदान, ताजपुर से एक जुलूस निकाला जाएगा, जो बाजार क्षेत्र का भ्रमण करते हुए ताजपुर थाना पहुंचेगा। वहां प्रदर्शन एवं सभा के माध्यम से प्रशासन को मांगपत्र सौंपा जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी भागीदारी दिलाने को माले नेताओं ब्रह्मदेव प्रसाद सिंह, आसिफ होदा, मो. एजाज, प्रभात रंजन गुप्ता, शंकर महतो, ललन दास, राजदेव प्रसाद सिंह आदि द्वारा लगातार जनता बैठक की जा रही है।
बढ़ते अपराधों पर जताई चिंता
माले नेताओं ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में लगातार हत्या, लूट, छिनतई और गोलीबारी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे आम लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल है। कई मामलों में अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं होने से लोगों में पुलिस प्रशासन के प्रति असंतोष बढ़ रहा है।
लंबित मामलों में कार्रवाई की मांग
पार्टी ने मांग की है कि 98/26, नीम चौक सोना लूट कांड, किराना दुकानदार नरेश चौधरी गोलीकांड, दर्जिनिया चौर हत्याकांड, हरपुर भिंडी पीट-पीटकर हत्याकांड समेत सभी लंबित हत्याकांडों के आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए तथा ताजपुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
आंदोलन में शामिल होने की अपील
भाकपा माले ने क्षेत्र की जनता, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं लोकतांत्रिक संगठनों से 22 जून के थाना घेराव कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
यह भी पढ़े: यूरिया कालाबाजारी पर छापा, लाखों का खाद जब्त