भोपाल के 45 बंगला क्षेत्र में शिवपुरी के पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के जुलाई से बंद सरकारी आवास में चोरी का मामला सामने आया है। 30 सितंबर को परिजनों के पहुंचने पर कई कमरों के ताले टूटे मिले।
शिवपुरी: राजधानी भोपाल के 45 बंगला क्षेत्र में शिवपुरी के पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी के सरकारी आवास में चोरी का मामला सामने आया है। जुलाई से बंद पड़े बंगले के ताले तोड़कर चोर घर के अंदर दाखिल हुए और एक्टिवा, दो गैस सिलेंडर, गीजर, किचन का सामान सहित वॉशरूम में लगी नल की टोंटियां तक चोरी कर ले गए।
विधायक के बंद सरकारी बंगले में चोरी
जानकारी के मुताबिक, विधायक प्रीतम लोधी का सरकारी आवास जुलाई से बंद था। 30 सितंबर को जब विधायक के परिजन बंगले पर पहुंचे तो कई कमरों के ताले टूटे मिले। अंदर जाकर देखा गया तो सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। घर से कई सामान गायब थे। चोरों ने बंगले के सभी वॉशरूम में लगी नल की टोंटियों को तोड़कर निकाल लिया। इसके अलावा पानी गर्म करने वाला गीजर भी चोरी कर लिया। किचन में रखा खाने-पीने का सामान भी चोर अपने साथ ले गए। चोरी की घटना में एक एक्टिवा और दो गैस सिलेंडर भी गायब मिले हैं।
सरकारी बंगलों की सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना की जानकारी सामने आने के बाद विधायक के भतीजे ने टीटी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का प्रयास है कि संदिग्धों की पहचान कर चोरी गए सामान को बरामद किया जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। विधायक के लंबे समय से बंद सरकारी आवास में चोरी की घटना सामने आने के बाद राजधानी में सरकारी बंगलों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। इससे पहले भी भोपाल में जनप्रतिनिधियों के सरकारी आवासों में चोरी के मामले सामने आ चुके हैं। अब प्रीतम लोधी के बंगले में चोरी की घटना ने बंद सरकारी आवासों की निगरानी व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
ये भी पढ़ें- शाजापुर में अनोखी अंतिम विदाई, बुजुर्ग पिता की शवयात्रा में बजा डीजे और हुई आतिशबाजी