UP Scholarship 2026-27: यूपी में OBC छात्रों के लिए छात्रवृत्ति आवेदन 11 अगस्त से शुरू होंगे। जानें आवेदन की तारीख, पात्रता, लाभ और 2025-26 में मिले करोड़ों रुपये की सहायता।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पिछड़ा वर्ग के आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों की शिक्षा को सहारा देने के लिए छात्रवृत्ति योजनाओं को प्रभावी ढंग से संचालित कर रही है। पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग की पूर्वदशम, दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के तहत वर्ष 2026- 27 के लिए आवेदन प्रक्रिया 11 अगस्त से शुरू होगी। छात्र 11 से 25 अगस्त 2026 तक छात्रवृत्ति के लिए आवेदन कर सकेंगे। जबकि वर्ष 2026-27 सत्र के नए छात्र 11 अगस्त से 21 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
छात्रों से समय सीमा के भीतर आवेदन करने की अपील की गई है। इस योजना के जरिए पिछले 9 वर्षों में करीब 22 करोड़ से अधिक छात्रों को आर्थिक सहायता मिल चुकी है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को पढ़ाई जारी रखने और उच्च शिक्षा हासिल करने का अवसर मिल रहा है।
2025-26 में 36 लाख से अधिक छात्रों को मिला था लाभ
योगी सरकार की छात्रवृत्ति योजना का व्यापक असर साल दर साल देखने को मिल रहा है। वर्ष 2025-26 में पिछड़ा वर्ग के 36 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं को पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता प्रदान की गई। पूर्वदशम यानी कक्षा 9 और 10 की छात्रवृत्ति योजना के तहत 8.88 लाख छात्रों के बैंक खातों में कुल ₹219.64 करोड़ की धनराशि भेजी गई थी। इस अवधि में दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के तहत इंटरमीडिएट से लेकर उच्च शिक्षा तक के 27.86 लाख छात्रों को कुल ₹2882.02 करोड़ की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई थी।
आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को शिक्षा का सहारा
इस योजना का प्रमुख उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देना है। योजना के तहत ऐसे विद्यार्थियों को लाभ दिया जाता है, जिनके अभिभावकों की वार्षिक आय 2 लाख रुपये या उससे कम है। छात्रवृत्ति की मदद से विद्यार्थियों को फीस, पाठ्यक्रम से जुड़े खर्च और पढ़ाई जारी रखने में आर्थिक सहारा मिलता है। सरकार ने छात्रवृत्ति वितरण व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाने पर जोर दिया है।
सत्यापन के बाद सीधे बैंक खाते में पहुंचेगी छात्रवृत्ति
पिछड़ा वर्ग कल्याण निदेशक उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया 11 अगस्त से शुरू हो रही है। उन्होंने पात्र छात्रों से निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति वितरण प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाया गया है तथा सत्यापन के बाद पात्र छात्रों के बैंक खातों में सीधे धनराशि भेजी जाती है।
Smart FAQ
यूपी छात्रवृत्ति 2026-27 के लिए OBC छात्रों की आवेदन प्रक्रिया कब शुरू होगी?
जवाब: पिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए UP Scholarship 2026-27 की आवेदन प्रक्रिया 11 अगस्त 2026 से शुरू होगी। पुराने छात्रों के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 25 अगस्त, जबकि नए छात्रों के लिए 21 सितंबर 2026 तक आवेदन का समय रहेगा।
UP Scholarship 2026-27 का लाभ किन OBC छात्रों को मिलेगा?
जवाब: योजना का लाभ आर्थिक रूप से कमजोर पिछड़ा वर्ग के पात्र छात्रों को मिलेगा। खबर के अनुसार, ऐसे विद्यार्थियों के अभिभावकों की वार्षिक आय 2 लाख रुपये या उससे कम होनी चाहिए। योजना में कक्षा 9-10 से लेकर इंटरमीडिएट और उच्च शिक्षा तक के छात्र शामिल हैं।
2025-26 में OBC छात्रों को UP Scholarship के तहत कितनी आर्थिक सहायता मिली?
जवाब: वर्ष 2025-26 में 36 लाख से अधिक OBC छात्र लाभान्वित हुए। पूर्वदशम योजना में 8.88 लाख छात्रों को ₹219.64 करोड़, जबकि दशमोत्तर योजना में 27.86 लाख छात्रों को ₹2,882.02 करोड़ की सहायता दी गई।
(Published By: Ravi Pandey)
यह भी पढ़ें: लखनऊ में सीएम योगी ने किया 'हर घर तिरंगा' अभियान का शुभारंभ, निकाली विशाल तिरंगा यात्रा