उत्तर प्रदेश के शिक्षकों के लिए बड़ी खुशखबरी! सीएम योगी ने कैशलेस चिकित्सा योजना और 1.5 करोड़ के बीमा का तोहफा दिया है। जानें पूरी खबर।
आगरा (उत्तर प्रदेश)। उच्च शिक्षा विभाग से जुड़े शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए रविवार का दिन बेहद खास रहा। खंदारी कैंपस में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षकों को स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा का दोहरा तोहफा दिया। योगी सरकार ने जहां एक ओर 'मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना' का शुभारंभ किया। वहीं उच्च शिक्षा विभाग ने पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के साथ एक अहम एमओयू पर भी हस्ताक्षर किए।
पीएनबी एमओयू से मिलेगा करोड़ों का बीमा सुरक्षा कवच
पीएनबी के साथ हुए इस एमओयू के तहत, अब शिक्षकों और शिक्षणेतर कर्मचारियों को ₹1.50 करोड़ तक का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा मिलेगा। इसके अलावा ₹3 करोड़ तक का हवाई दुर्घटना बीमा, ₹60 हजार तक का अस्पताल नकद लाभ और ₹12 लाख तक का टर्म लाइफ बीमा भी उपलब्ध कराया जाएगा। यह विशेष पहल शिक्षकों को एक मजबूत और भरोसेमंद सुरक्षा कवच प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के 2 बड़े फायदे
हर परिवार को ₹5 लाख रुपए तक का मुफ्त इलाज
मुख्यमंत्री कैशलेस चिकित्सा सुविधा योजना से प्रदेश के विश्वविद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों और स्ववित्तपोषित संस्थानों (पाठ्यक्रमों) में कार्यरत 1.28 लाख से अधिक शिक्षकों व उनके आश्रित परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा। इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को सूचीबद्ध सरकारी व निजी अस्पतालों में हर साल ₹5 लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिलेगी। इस योजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि कार्ड बनने के पहले ही दिन से लाभार्थी इसका उपयोग कर सकेंगे। अस्पताल में भर्ती होने से लेकर उपचार, दवाइयों और डिस्चार्ज तक का पूरा खर्च योजना के अंतर्गत सरकार द्वारा वहन किया जाएगा।
कैंसर, दिल की बीमारी का भी होगा इलाज
इस योजना का संचालन साचीज (SACHIS) संस्था द्वारा किया जाएगा। इसमें आयुष्मान भारत योजना की ही दरें लागू होंगी। इसके तहत पैनल में शामिल सरकारी और निजी अस्पतालों में 1900 से अधिक बीमारियों के इलाज का पैकेज मिलेगा, जिसमें कैंसर, हृदय रोग, किडनी की समस्या और बड़ी सर्जरियां जैसे गंभीर और महंगे इलाज शामिल हैं। इसके लिए सभी जिलों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर कार्ड वितरित किए जाएंगे।
(Published By: Ravi Pandey)
यह भी पढ़ें: पीएम मोदी ने 'मन की बात' में की उत्तर प्रदेश की तारीफ, एक दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने पर जताया गर्व