जिले में किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है।
राजनांदगांव (छत्तीसगढ़): जिले में किसानों को निर्धारित दर पर खाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर यूरिया बेचने की शिकायत सही पाए जाने पर एक निजी उर्वरक विक्रय केंद्र से 47.47 मीट्रिक टन रासायनिक उर्वरक जब्त किया गया है। साथ ही जिलेभर में चलाए गए विशेष जांच अभियान के दौरान 44 केंद्रों को नोटिस जारी किए गए हैं और 9 केंद्रों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
कलेक्टर के निर्देश पर चला अभियान
कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर कृषि विभाग द्वारा खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में छुरिया विकासखंड के चिचोला रोड स्थित ग्रामोदय कृषि संसार उर्वरक विक्रय केंद्र की जांच की गई, जहां निर्धारित दर से अधिक कीमत पर यूरिया बेचने की शिकायत मिली थी।
ग्राहक बनकर पहुंची टीम, खुली पोल
शिकायत की पुष्टि के लिए कृषि विभाग की टीम ने एक कर्मचारी को ग्राहक बनाकर दुकान पर भेजा। जांच के दौरान केंद्र के कर्मचारी ने यूरिया की एक बोरी 600 रुपये में बेची और भुगतान ऑनलाइन माध्यम से लिया गया। निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री की पुष्टि होने के बाद विभाग ने तत्काल कार्रवाई की।
47.47 मीट्रिक टन उर्वरक जब्त
कार्रवाई के तहत केंद्र में उपलब्ध 47.47 मीट्रिक टन उर्वरक जब्त कर लिया गया और संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जब्त उर्वरकों में डीएपी, यूरिया, ट्रिपल सुपर फॉस्फेट, सिंगल सुपर फॉस्फेट और म्यूरेट ऑफ पोटाश शामिल हैं।
129 केंद्रों की हो चुकी है जांच
कृषि विभाग के अनुसार जिले के 129 उर्वरक विक्रय केंद्रों का निरीक्षण किया जा चुका है। जांच के दौरान अनियमितता पाए जाने पर 44 केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए, 12 केंद्रों में उर्वरक जब्त किए गए और 9 केंद्रों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।
गंभीर मामलों में न्यायालय का दरवाजा खटखटाया
विभाग ने बताया कि गंभीर अनियमितता से जुड़े 4 मामलों को न्यायालय में भी प्रस्तुत किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
किसानों से सहयोग की अपील
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि यदि कहीं भी निर्धारित दर से अधिक कीमत पर खाद बेची जा रही हो या किसी प्रकार की अनियमितता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दें। ताकि दोषियों के खिलाफ समय पर कार्रवाई की जा सके।
कालाबाजारी करने वालों पर कसता जा रहा शिकंजा
राजनांदगांव जिले में खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि किसानों को उचित मूल्य पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध कराना प्राथमिकता है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
यह भी पढ़े: मंत्री बोले शानदार, बस स्टैंड में दरारें