मोतिहारी में SSB ने भारत-नेपाल सीमा पर 31 बैग यूरिया खाद और तीन साइकिल जब्त कीं। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति पकड़ा गया, जबकि कुछ तस्कर नेपाल की ओर भाग निकले।
मोतिहारी (बिहार)। इंडो नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में यूरिया खाद की तस्करी का मामला सामने आया है। 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, मोतिहारी की एफ समवाय अठमोहन टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए 31 बैग यूरिया खाद और तीन साइकिल जब्त की हैं। जब्त खाद का कुल वजन 1395 किलोग्राम बताया गया है।
अगरवा गांव के रास्ते नेपाल भेजी जा रही थी खाद
SSB के अनुसार, जवानों को सूचना मिली थी कि अगरवा गांव के रास्ते भारत से नेपाल की ओर यूरिया खाद की तस्करी की जा रही है। सूचना के बाद नाका दल का गठन कर सीमा क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई। निगरानी के दौरान कुछ लोगों को साइकिल और सिर पर यूरिया खाद की बोरियां लेकर नेपाल की ओर जाते देखा गया। जवानों को देखते ही कुछ तस्कर खाद की बोरियां छोड़कर नेपाल की ओर भाग निकले। वहीं, एक व्यक्ति को मौके पर पकड़ लिया गया।
नेपाल निवासी युवक गिरफ्तार
गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान नेपाल के बारा जिले के सिमरौनगढ़ थाना क्षेत्र निवासी 27 वर्षीय विकास मुखिया के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान वह खाद से संबंधित वैध दस्तावेज या बिल प्रस्तुत नहीं कर सका।
नेपाल में बिक्री के लिए ले जाने की बात
पूछताछ में खाद को नेपाल में बिक्री के उद्देश्य से ले जाने की बात सामने आई। जब्त खाद और साइकिलों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय, मोतिहारी में जमा कराया जा रहा है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस और संबंधित एजेंसियों की ओर से मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़े: आरा में 25 किलो गांजा बरामद, धंधेबाज गिरफ्तार