विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के कुरवाई क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला पर जिंदगी देने वाला एक..
जाको राखे साइयां, मार सके न कोय, विदिशा में एक दिन की बच्ची कुएं में जीवित मिली
|
विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के कुरवाई क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला पर जिंदगी देने वाला एक अद्भुत मामला सामने आया है। यहाँ एक खेत में स्थित सूखे कुएं में शुक्रवार की सुबह एक दिन की नवजात बच्ची लावारिस और जीवित अवस्था में मिली।
मारने की नीयत से सूखे कुएं में फेका
यह घटना ग्राम तमोईया और पराशरी के बीच स्थित एक खेत की है। जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने नवजात बच्ची को मारने की नियत से उसे गहरे सूखे कुएं में फेंक दिया था, लेकिन कहा जाता है कि "जाको राखे साइयां, मार सके न कोय" कुएं के तल पर मौजूद मिट्टी की नमी ने बच्ची के लिए सुरक्षा कवच का काम किया। नमी और कोमल मिट्टी के कारण गिरने के बावजूद बच्ची को एक खरोंच तक नहीं आई।
बच्ची के रोने की आवाज से रेस्क्यू
सुबह जब ग्रामीणों ने कुएं से बच्ची के रोने की आवाज सुनी, तो उन्होंने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सूझबूझ से बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला।
नजदीकी अस्पताल ले जाया गया
बच्ची को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से उसे बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, बच्ची की हालत अब स्थिर बनी हुई है।
पुलिस ने मामला दर्ज किया, निर्दयी की खोज शुरू
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और उन निर्दयी माता-पिता या व्यक्तियों की तलाश शुरू कर दी है, जिन्होंने इस मासूम को मौत के मुंह में धकेलने की कोशिश की। बच्ची के पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद उसे नियमानुसार शिशु गृह भेजा जाएगा।
यह बी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/congress-releases-list-of-candidates-for-west-bengal-assembly-elections/152818