प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या

सिंगरौली में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या, 72 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा

सिंगरौली में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। पुलिस ने 72 घंटे में मामले का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

सिंगरौली में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या 72 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा

Wife with lover kills husband in Singrauli, case solved in 72 hours |

सिंगरौली (मध्यप्रदेश)। जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र में सामने आए एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने मात्र 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। जिस मामले को शुरुआत में अज्ञात आरोपियों द्वारा की गई हत्या माना जा रहा था, जांच आगे बढ़ने पर चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज के.एम. ने मामले में गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए घटना क्रम का खुलासा किया। बताया गया कि मृतक की पत्नी ने ही अपने प्रेमी और उसके साथी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। मामले में पुलिस ने पत्नी, उसके प्रेमी और प्रेमी के दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है।

बोल्डरों के पीछे मिली थी खून से लथपथ लाश

जानकारी के अनुसार 21 जून 2026 को ग्राम भर्रा निवासी प्रेमलाल सिंह खैरवार ने चितरंगी थाना पुलिस को सूचना दी कि नेशनल हाईवे-39 किनारे बोल्डरों के पीछे एक व्यक्ति की लाश पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां एक व्यक्ति का शव रक्तरंजित अवस्था में मिला। मृतक की पहचान रघुनाथ उर्फ सरजू खैरवार (38 वर्ष) निवासी भर्रा के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि रघुनाथ 19 जून को गांव में आयोजित एक शादी समारोह में जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। दो दिन बाद उसकी लाश बरामद हुई।

पोस्टमार्टम और जांच में हत्या की पुष्टि

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पंचनामा एवं पोस्टमार्टम कराया। मृतक के परिजनों ने शुरू से ही हत्या की आशंका जताई थी। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर थाना चितरंगी में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया।

पत्नी पर गया पुलिस का शक

पुलिस अधीक्षक सिंगरौली सियाज के.एम. के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ में जानकारी मिली कि मृतक का अपनी पत्नी रामकली से अक्सर विवाद होता था। रघुनाथ शराब का आदी था और कथित रूप से नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था। इसी आधार पर पुलिस ने मृतक की पत्नी रामकली से गहन पूछताछ की। पूछताछ के दौरान वह बार-बार अपने बयान बदलती रही, जिससे पुलिस का संदेह और गहरा गया।

प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह

पुलिस के अनुसार पूछताछ में रामकली ने स्वीकार किया कि लगभग एक वर्ष पहले मायके जाने के दौरान उसकी पहचान माड़ा थाना क्षेत्र के मलगा गांव निवासी नीरज कुमार शाह से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए और लगातार फोन पर बातचीत होने लगी। बताया गया कि रामकली अपने पति की शराबखोरी और मारपीट से परेशान थी। इसी दौरान उसने कथित रूप से अपने प्रेमी नीरज शाह से पति को रास्ते से हटाने की बात कही।

शादी में जाने निकला, मौत के जाल में फंस गया

पुलिस जांच में सामने आया कि 19 जून को रघुनाथ जब शादी समारोह में जाने के लिए घर से निकला, तब पहले से तय योजना के अनुसार नीरज शाह अपने दोस्त सूरज सिंह गोड के साथ भर्रा पहुंचा। आरोप है कि दोनों ने रघुनाथ को शराब पिलाने के बहाने नेशनल हाईवे-39 किनारे सुनसान स्थान पर बुलाया। वहां दोनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और पत्थर से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बोल्डरों के पीछे फेंककर आरोपी मौके से फरार हो गए।
 
हत्या के बाद प्रेमिका को किया फोन

पुलिस के अनुसार वारदात को अंजाम देने के बाद नीरज शाह ने फोन कर रामकली को बताया कि उसका पति अब नहीं रहा। इसके बाद दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से अपने गांव मलगा लौट गए।

72 घंटे में खुला राज, तीन आरोपी गिरफ्तार

तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल कॉल डिटेल, मुखबिर सूचना और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए 25 जून को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में 23 वर्षीय नीरज कुमार शाह, 22 वर्षीय सूरज सिंह गोड और 30 वर्षीय रामकली खैरवार शामिल हैं, जबकि पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, मोबाइल और कपड़े भी जब्त किए हैं। पुलिस ने मुख्य आरोपी नीरज शाह के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन तथा वारदात के समय पहने गए कपड़े जब्त किए हैं। वहीं अन्य दोनों आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए गए हैं। 

यह भी पढ़े:   बैतूल के चिचोली नेशनल हाईवे पर तेज़ रफ़्तार ट्रक ने पिता पुत्र को कुचला, दोनों की मौत

Related to this topic: