प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

फ्लाईदुबई विमान में कॉकपिट के अंदर खौफनाक साजिश

दुबई-तेल अवीव फ्लाइट में भारतीय पायलट पर हमला: ओमान के को-पायलट की आतंकी साजिश का हुआ खुलासा

दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में भारतीय पायलट पर हुए हमले के आरोपी ओमान के को-पायलट की कट्टरपंथी गतिविधियों और आतंकी कनेक्शन का बड़ा खुलासा हुआ है।

दुबई-तेल अवीव फ्लाइट में भारतीय पायलट पर हमला ओमान के को-पायलट की आतंकी साजिश का हुआ खुलासा

Representative image of a Flydubai aircraft |

वाशिंगटन (अमेरिका)। अमरीकी मीडिया सीबीएस न्यूज (CBS News) ने सूत्रों के हवाले से खुलासा किया है कि फ्लाईदुबई (Flydubai) की फ्लाइट में भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर (Captain Smit Machchhar) पर हमले के आरोपी ओमान के को-पायलट हमाम अल-हम्ममी (Hamam al-Hammami) को अतीत में उसकी कट्टरपंथी हरकतों के कारण ओमान एयर से हटाकर डेस्क ड्यूटी पर भेज दिया गया था। 

सरकारी निगरानी के दौरान यह सामने आया था कि उसने अपने प्रशिक्षण चरण में कई कट्टरपंथी वेबसाइटों का दौरा किया था। ओमान एयर द्वारा प्रशासनिक पद पर स्थानांतरित किए जाने के बाद अल-हम्ममी ने वर्ष 2024 के आसपास एयरलाइन से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद, ओमान सरकार की किसी औपचारिक पृष्ठभूमि जांच (Background Vetting) के बिना ही उसने फ्लाईदुबई में नौकरी हासिल कर ली थी।

चरमपंथी विचार और सीरिया कनेक्शन का दावा

अल अरबिया इंग्लिश ने सूत्रों के हवाले से अपनी रिपोर्ट में बताया कि अल-हम्ममी को पहले सीरिया में अपने प्रवास के दौरान कथित तौर पर चरमपंथी विचारों से प्रभावित होने के कारण ओमान में उड़ान भरने से प्रतिबंधित कर दिया गया था। जांच में यह भी सामने आया कि उसने एक बार दुबई में इजरायली एयरलाइंस 'एल अल' (El Al) के एक विमान का वीडियो साझा किया था, जिसके अंत में 2022 में अमेरिकी ड्रोन हमले में मारे गए कुख्यात अल-कायदा सरगना अयमान अल-जवाहिरी की तस्वीर का इस्तेमाल किया गया था। 

सूत्रों ने यह भी जानकारी दी कि अल-हम्ममी के पास ओमान की नागरिकता अवश्य है, लेकिन उसका जन्म ओमान में नहीं हुआ था और उसने अपना अधिकांश जीवन विदेश में बिताया है। उसकी मां सीरियाई मूल की और पिता ओमान के हैं, हालांकि ओमान सरकार ने अभी तक आधिकारिक तौर पर उसकी राष्ट्रीयता की पुष्टि नहीं की है।

लिंक्डइन पोस्ट और अल-कायदा से जुड़े डिजिटल सुराग

इस बीच, सीएनएन (CNN) ने एक इजरायली अधिकारी और सूत्रों के हवाले से बताया कि घटना के लगभग नौ घंटे बाद हमाम अल-हम्ममी के लिंक्डइन प्रोफाइल पर दो संदिग्ध पोस्ट अपलोड किए गए थे। इन पोस्ट में अल-कायदा से जुड़ी सामग्री के साथ 'एल अल' विमान का कॉकपिट फुटेज शामिल था। एक वीडियो में बोइंग 737 मैक्स विमान का कॉकपिट दिखाया गया है, जिसकी लोकेशन दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की बताई जा रही है। 

उस फुटेज में उड़ान संख्या OMA624 और 11 अक्टूबर, 2023 की तारीख दर्ज है, जो दुबई और मस्कट के बीच संचालित होने वाली नियमित उड़ानों से मेल खाती है। वीडियो के अंत में ओसामा बिन लादेन के उत्तराधिकारी अयमान अल-जवाहिरी और 2009 के आत्मघाती बम धमाके (जिसमें 7 अमेरिकी सीआईए अधिकारियों समेत 9 लोग मारे गए थे) के जिम्मेदार हुमाम खलील अल-बलावी के चित्र दिखाए गए थे। 

दूसरी पोस्ट में मक्का, मदीना और यरूशलेम को जोड़ने वाला एक एआई-जनरेटेड ग्राफिक और एक आक्रामक कविता साझा की गई थी। लिंक्डइन रिकॉर्ड के अनुसार, उसने ब्रिटेन की बकिंघमशायर न्यू यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की थी और वह ओमान एयर तथा रॉयल एयर मारोक जैसी एयरलाइंस में भी काम कर चुका था।

16,000 फीट नीचे गोता लगाने वाला विमान और सूझबूझ

यह गंभीर सुरक्षा चूक गत 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की एक उड़ान के दौरान हुई। विमानन अधिकारी इस बात की गहन जांच कर रहे हैं कि क्या कॉकपिट के अंदर कैप्टन मच्छर पर हुआ यह हमला विमान को जानबूझकर दुर्घटनाग्रस्त करने की कोई आतंकी साजिश थी। इस भीषण संघर्ष के कारण विमान महज दो मिनट के भीतर करीब 16,000 फीट नीचे गोता लगा गया और कॉकपिट से आपातकालीन हाइजैकिंग अलर्ट जारी कर दिया गया। 

गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छर ने असाधारण साहस का परिचय देते हुए संघर्ष जारी रखा और कॉकपिट का दरवाजा अनलॉक करने में सफल रहे। इसके बाद मुस्तैद क्रू मेंबर, यात्रियों और विमान में सवार दो ऑफ-ड्यूटी पायलटों ने मिलकर हमलावर को काबू में किया। इसके बाद उड़ान दल ने सूझबूझ दिखाते हुए सऊदी अरब के तबुक में विमान की सुरक्षित आपातकालीन लैंडिंग कराई, जिससे उस पर सवार सभी 180 लोगों की जान बच गई।
​(इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: फ्लाईदुबई के सह-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छड़ पर जानलेवा हमले के लिए किया था कुल्हाड़ी का इस्तेमाल

Related to this topic: