ट्रंप ने तुर्की को F-35 बिक्री पर नेतन्याहू की आपत्ति खारिज की। उन्होंने कहा कि अमेरिकी हथियार सौदों पर कोई बाहरी नेता फैसला नहीं करेगा।
वॉशिंगटन डीसी [अमेरिका]: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार (स्थानीय समय) को तुर्की को अमेरिकी एफ-35 लड़ाकू विमानों की संभावित बिक्री को लेकर इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के विरोध को खारिज करते हुए कहा कि कोई भी बाहरी नेता अमेरिकी हथियारों की बिक्री को प्रभावित नहीं करता। एयर फोर्स वन में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने अंकारा को हथियार देने को लेकर नेतन्याहू की आपत्तियों को नकारते हुए तुर्की को "एक बेहतरीन सहयोगी" बताया। उन्होंने कहा, "मुझे कोई नहीं बताता कि हमें क्या बेचना चाहिए। तुर्की मेरे लिए हमेशा से एक बेहतरीन सहयोगी रहा है।"
वॉशिंगटन में ट्रंप-नेतन्याहू की अहम बैठक
अमेरिकी राष्ट्रपति की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब नेतन्याहू सोमवार (स्थानीय समय) को ट्रंप के साथ उच्च स्तरीय वार्ता के लिए वॉशिंगटन पहुंचे हैं। दोनों नेताओं के बीच क्षेत्रीय सुरक्षा और ईरान के साथ तनाव प्रमुख एजेंडा में शामिल हैं।
नेतन्याहू ने जताई थी कड़ी आपत्ति
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, इस महीने की शुरुआत में नेतन्याहू ने तुर्की को अमेरिकी निर्मित एफ-35 स्टील्थ लड़ाकू विमानों की संभावित बिक्री का कड़ा विरोध किया था। उनका कहना था कि इससे मध्य पूर्व में शक्ति संतुलन बदल सकता है। नेतन्याहू ने बताया कि उन्होंने व्यक्तिगत रूप से ट्रंप से इस सौदे को मंजूरी न देने का आग्रह किया था। उन्होंने कहा, "अमेरिका के सबसे उन्नत लड़ाकू विमानों की बिक्री तुर्की को संयुक्त राज्य अमेरिका का मित्र देश नहीं बनाती।"
एर्दोगन पर भी साधा निशाना
तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन का जिक्र करते हुए नेतन्याहू ने कहा कि अंकारा का मौजूदा शासन मुस्लिम ब्रदरहुड से प्रभावित है और अमेरिका का आदर्श सहयोगी नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि एर्दोगन इजरायल के खिलाफ बयान देते रहे हैं और तुर्की को एफ-35 देने से पूरे क्षेत्र की सुरक्षा पर असर पड़ सकता है।
ट्रंप बोले- सौदे पर करेंगे विचार
ट्रंप ने कहा कि उनका प्रशासन जल्द ही यह तय करेगा कि कांग्रेस द्वारा लगाए गए प्रतिबंध के बावजूद तुर्की को एफ-35 लड़ाकू विमान बेचे जाएं या नहीं। उन्होंने यह भी कहा कि रूसी एस-400 वायु रक्षा प्रणाली की खरीद के कारण तुर्की पर लगाए गए प्रतिबंध हटाए जाएंगे। ट्रंप ने कहा, "तुर्की के साथ हमारे संबंध बेहतर हैं और कई मामलों में वह उन देशों से भी अधिक वफादार रहा है, जिनसे हम वफादारी की उम्मीद करते हैं।" एफ-35 को "अब तक का सबसे बेहतरीन विमान" बताते हुए ट्रंप ने कहा कि प्रस्तावित बिक्री ऐसा मुद्दा है, जिस पर उनकी सरकार गंभीरता से विचार करेगी।
तुर्की ने भी दिए समझौते के संकेत
सीएनएन के अनुसार, तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन ने संकेत दिया है कि अंकारा अमेरिका से एफ-35 लड़ाकू विमान और तुर्की के स्वदेशी KAAN लड़ाकू विमान के लिए अमेरिकी इंजन खरीदने के समझौते को अंतिम रूप देने के करीब है।
(एएनआई)
यह भी पढ़े: आदित्य ठाकरे का ऐलान, छात्र प्रदर्शनकारियों के केस मुफ्त में लड़ेगी शिवसेना (UBT)