सामान्य यात्री वाहनों के साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की सभी श्रेणियों में भी इस वर्ष फरवरी माह में भारी वृद्धि दर्ज की गयी है।
चेन्नई। सामान्य यात्री वाहनों के साथ ही इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी) की सभी श्रेणियों में भी इस वर्ष फरवरी माह में भारी वृद्धि दर्ज की गयी है। फरवरी 2025 के मुकाबले दोपहिया की बिक्री में 46 प्रतिशत, यात्री वाहनों में 44 प्रतिशत, वाणिज्यिक में 156 प्रतिशत और तिपहिया वाहनों की बिक्री में 25 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
दोपहिया ईवी बिक्री में उछाल, मासिक आधार पर गिरावट
फेडरेशन ऑफ ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशंस (फाडा) द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार दोपहिया श्रेणी की बिक्री में 46 प्रतिशत की उछाल देखी गई, जो फरवरी 2025 की 76,722 वाहन बिक्री की तुलना में बढ़कर इस फरवरी में 1,11,709 हो गई। हालांकि मासिक आधार पर जनवरी 2026 के मुकाबले इस माह बिक्री में 9 प्रतिशत की गिरावट आई है।
तीन कंपनियों के हाथों में दोपहिया बाजार की 70% हिस्सेदारी
सबसे महत्त्वपूर्ण बात यह कि फरवरी में दोपहिया वाहनों की 70 फीसदी बिक्री में सिर्फ 3 कपंनियों का योगदान रहा। टीवीएस मोटर्स ने 31,614 वाहन बेचे, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 67 प्रतिशत अधिक थे। बजाज ऑटो ने 17 प्रतिशत के इजाफे के साथ 25,328 वाहन बेचे जबकि एथर एनर्जी ने 72 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ 20,584 वाहन बेचे।
ओला इलेक्ट्रिक टॉप-5 से बाहर, बिक्री में भारी गिरावट
इस सेगमेंट में चौंकाने वाली बात यह रही कि दोपहिया वाहनों की श्रेणी में फरवरी 2026 में ओला इलेक्ट्रिक देश की शीर्ष 5 इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन विनिर्माताओं से बाहर हो गई। ओला ने इस दौरान सिर्फ 3,968 वाहनों की बिक्री की। जबकि फरवरी 2025 में उसने 8,675 वाहनों की बिक्री की थी। इस प्रकार ओला की बिक्री में 54 प्रतिशत की गिरावट आई जो पिछले चार वर्षों में उसका सबसे खराब प्रदर्शन है।
हीरो और ग्रीव्स की मजबूत बढ़त
हीरो मोटोकॉर्प ने 12,514 वाहनों की बिक्री की, जो 364 प्रतिशत अधिक रही। ग्रीव्स इलेक्ट्रिक मोबिलिटी ने 4,724 वाहनों की बिक्री की, जो 28 प्रतिशत अधिक है। ये दोनों शीर्ष पांच कंपनियों में शामिल हैं और ओला खिसक कर छठे स्थान पर चली गई। महीने के दौरान दोपहिया वाहनों की पैठ 6.6 प्रतिशत रही, जो जनवरी के मुकाबले सपाट और फरवरी 2025 की 5.6 प्रतिशत पैठ की तुलना में अधिक है।
फाडा अध्यक्ष बोले: ईवी की रफ्तार बरकरार है
फाडा के अध्यक्ष सीएस विघ्नेश्वर ने कहा, 'फरवरी 2026 में में ईवी की खुदरा बिक्री में सालाना आधार पर सभी श्रेणियों में वृद्धि जारी रही। हालांकि ईवी की समूची पैठ काफी हद तक रेंज-बाउंड रही क्योंकि तेल-गैस इंजन की बिक्री में बहुत तेजी से वृद्धि हुई। ईवी की कुछ श्रेणियों में मासिक आधार पर दिखने वाली नरमी काफी हद तक महीने के छोटा होने और जनवरी के अधिक आधार को दर्शाती है तथा भारत के ईवी परिवर्तन की संरचनात्मक दिशा को कमजोर नहीं करती है।'
यात्री ईवी वाहनों की बिक्री में 44% की बढ़ोतरी
फरवरी में 13,733 यात्री वाहन बेचे गए। ये पिछले साल इसी महीने बेचे गए 9,505 वाहनों की तुलना में 44 प्रतिशत अधिक है। अलबत्ता यह जनवरी में बेचे गए 18,470 वाहनों की तुलना में 26 प्रतिशत कम रहे। पिछले साल फरवरी के मुकाबले पैठ भी 3 प्रतिशत से बढ़कर 3.5 प्रतिशत हो गई।
टाटा, एमजी और महिंद्रा का दबदबा, विनफास्ट की एंट्री
सबसे अहम बात यह कि महीने की 86 प्रतिशत बिक्री में तीन कंपनियों का योगदान रहा। टाटा मोटर्स ने 5,568 वाहन, जेएसडब्ल्यू एमजी मोटर (जेएसडब्ल्यू मोटर) ने 3,312 वाहन और महिंद्रा ऐंड महिंद्रा ने 2,913 वाहन बेचे। इस श्रेणी में शामिल नई कंपनी विनफास्ट ऑटो ने महीने के दौरान 384 वाहन बेचकर चौथा स्थान हासिल किया।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/world/iran-claims-us-lost-100-billion-due-to-escalation/147910
ट्रंप के कारण अमेरिका को 100 अरब डालर का नुकसान