वैश्विक संकेतों और कमजोर रुपये के कारण भारतीय शेयर बाजार में आज सुस्ती नजर आयी। तेजी से खुले शेयर बाजार में दोपहर बाद ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली देखने को मिली।
मुंबई। वैश्विक संकेतों और कमजोर रुपये के कारण भारतीय शेयर बाजार में आज सुस्ती नजर आयी। तेजी से खुले शेयर बाजार में दोपहर बाद ऊंचे स्तरों पर मुनाफावसूली देखने को मिली। इसके अलावा अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों का असर भी मार्केट पर दिखा। इन कारणों से उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बाद भारतीय शेयर बाजार बुधवार को लगभग सपाट बंद हुआ।
तेज शुरुआत, फिर मुनाफावसूली का दबाव
शेयर बाजार में दिन की शुरूआत तेजी से हुई थी। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 213.42 अंक या 0.25 प्रतिशत तक चढ़कर खुला था। इसी प्रकार Nifty भी शुरुआती कारोबार में 26,000 के पार पहुंच गया था। लेकिन ये तेजी ज्यादा देर नहीं टिक सकी और सेंसेक्स उच्च स्तर से 350 अंक फिसलकर 84,206.49 स्तर पर आ गया।
तीन दिन की तेजी पर लगा ब्रेक
कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 40.28 अंक या 0.05 फीसदी की गिरावट के साथ 84,233.64 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 18.70 अंक या 0.07 फीसदी फिसलकर 25,953.85 के स्तर पर बंद हुआ। इसके साथ ही शेयर बाजार में पिछले तीन दिनों से जारी तेजी पर आज विराम लग गया।
सेक्टोरल तस्वीर: ऑटो चमका, आईटी फिसला
कारोबार के दौरान बुधवार को ऑटो इंडेक्स में सबसे अधिक 1.3 फीसदी की तेजी देखने को मिली। इसके अलावा निफ्टी फार्मा और PSU बैंक इंडेक्स भी करीब 1 प्रतिशत तक चढ़ गए। हालांकि दूसरी ओर आईटी इंडेक्स में 1.7 फीसदी की की गिरावट देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स लगभग सपाट रहे।
रुपये पर दबाव, डॉलर के मुकाबले गिरावट
मुद्रा बाजार में अमेरिकी डालर के मुकाबले भारतीय रुपया 14 पैसे गिरकर 90.70 (प्रोविजनल) पर बंद हुआ। फॉरेक्स ट्रेडर्स ने कहा कि जियोपॉलिटिकल टेंशन और कच्चे तेल की बढ़ी कीमतों के बीच रुपया थोड़े नेगेटिव रुख के साथ ट्रेड कर रहा है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 90.56 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान इसने 90.75 का निचला और 90.46 का उच्च स्तर छुआ। अंत में रुपया 90.70 पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 14 पैसे की गिरावट दर्शाता है। मंगलवार को रुपया शुरुआती गिरावट से उबरते हुए 10 पैसे की मजबूती के साथ 90.56 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.44 प्रतिशत बढ़कर 69.78 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल हो गया।
मामूली गिरावट के बावजूद निवेशकों को फायदा
शेयर मार्केट में मामूली गिरावट के बावजूद निवेशकों की संपत्ति में करीब 41,000 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। बीएसई में लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन आज बढ़कर 474.89 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया, जो इसके पिछले कारोबारी दिन 474.48 लाख करोड़ रुपये रहा था। इस तरह BSE में लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप आज करीब 41,000 करोड़ रुपये बढ़ा है।
FIIs और DIIs की खरीदारी जारी
एक्सचेंज के आंकड़ों से मिली जानकारी के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने मंगलवार को 69.45 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने एफआईआई को पीछे छोड़ते हुए 1,174.21 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे।
बढ़त वाले शेयरों की संख्या रही ज्यादा
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) पर आज बढ़त के साथ बंद होने वाले शेयरों की संख्या अधिक रही। एक्सचेंज पर कुल 4,383 शेयरों में आज कारोबार देखने को मिला। इसमें से 1,971 शेयर तेजी के साथ बंद हुए। वहीं 2,251 शेयरों में गिरावट देखी गई। जबकि 161 शेयर बिना किसी उतार-चढ़ाव के सपाट बंद हुए। इसके अलावा 131 शेयरों ने आज कारोबार के दौरान अपना नया 52-वीक हाई छुआ। वहीं 75 शेयरों ने अपने 52-हफ्तों का नया निचला स्तर छुआ।
सेंसेक्स में SBI टॉप गेनर
शेयर मार्केट में चढ़ने और गिरने वाले शेयरों का अनुपात आज भी लगभग फिफ्टी फिफ्टी रहा। बीएसई सेंसेक्स के 30 में से 14 शेयर आज हरे निशान में यानी बढ़त के साथ बंद हुए। इसमें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के शेयरों में 3.40 फीसदी की सबसे अधिक तेजी रही। इसके बाद मारुति सुजुकी, इंडिगो, ट्रेंट और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर 0.69 फीसदी से लेकर 1.70 फीसदी की बढ़त के साथ बंद हुए।
टीसीएस रहा सबसे बड़ा लूजर
सेंसेक्स में लिस्टेड बाकी 16 शेयर लाल निशान में बंद हुए। इसमें भी टीसीएस का शेयर 2.51 फीसदी की गिरावट के साथ टॉप लूजर्स रहा। वहीं, इंफोसिस, एचसीएल टेक, इटरनल और आईटीसी के शेयरों में 0.98 फीसदी से लेकर 1.75 फीसदी तक की गिरावट रही।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/india/rahul-gandhi-questions-why-anil-ambani-isnt-in-jail-over-epstein-files/140346
राहुल गांधी का बड़ा सवाल: एपस्टीन फाइलों में नाम के बावजूद अनिल अंबानी जेल में क्यों नहीं?