आरा में पुलिस ने 25 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद कर गणेश कुमार उर्फ खटाई को गिरफ्तार किया। उसके घर से दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किए गए।
आरा (बिहार)। नगर थाने की पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के दौरान गांजे के साथ एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार धंधेबाज की पहचान शिवगंज शीतल टोला निवासी गणेश कुमार उर्फ खटाई के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके घर से 25 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया है। वहीं, दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किए गए हैं।
घर में गांजा खरीद-बिक्री की मिली थी सूचना
मुख्यालय डीएसपी मनोज कुमार ने नगर थाने में प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सूचना मिली कि शिवगंज शीतल टोला निवासी स्व. शिवनाथ के पुत्र गणेश कुमार उर्फ खटाई अपने घर में गांजा की खरीद-बिक्री कर रहा है।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हुई छापेमारी
सूचना के आधार पर पुलिस की एक टीम गठित की गई। मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में गणेश कुमार उर्फ खटाई के घर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान प्लास्टिक के बोरे, पन्नी और पुड़ियों से 25 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस ने दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किए।
एक माह पहले भी हुई थी गिरफ्तारी
छापेमारी के बाद पुलिस ने गणेश कुमार उर्फ खटाई को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उसे करीब एक माह पूर्व भी गांजे के साथ गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उसने अपने एक सहयोगी का नाम बताया है।
सहयोगी और सप्लायर की तलाश जारी
पुलिस गणेश कुमार उर्फ खटाई के बताए सहयोगी और गांजे के सप्लायर की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। इस मामले में नगर थाने के दारोगा मो. इस्राफील के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।
राकेश यादव के खिलाफ भी प्राथमिकी
प्राथमिकी गणेश कुमार उर्फ खटाई और गांजे के सप्लायर गजराजगंज ओपी क्षेत्र के मसाढ़ गांव निवासी राकेश यादव के विरुद्ध दर्ज की गई है।
यह भी पढ़े: औरंगाबाद में बड़ी पुलिस कार्रवाई, रंगदारी-हत्या प्रयास समेत मामलों में 63 गिरफ्तार