रतलाम। जिले में मंगलवार दोपहर बाद अचानक इजराइल-ईरान युद्ध के कारण पेट्रोल-डीजल की कमी होने और...
रतलाम। जिले में मंगलवार दोपहर बाद अचानक इजराइल-ईरान युद्ध के कारण पेट्रोल-डीजल की कमी होने और कीमतें बढ़ने की अफवाह फैल गई। इस अफवाह ने देखते ही देखते पैनिक का रूप ले लिया। इसके चलते जिले भर के पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
केन, बोतल और ड्रम लेकर पहुंचे
अफवाह के चलते लोग अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के साथ-साथ हाथों में केन, बोतलें और ड्रम लेकर पेट्रोल पंपों पर पहुंच गए। पिपलौदा और जावरा जैसे क्षेत्रों में स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि लोगों को एक-एक घंटे तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा।
मैदान में उतरे अधिकारी
स्थिति को बिगड़ता देख जिला प्रशासन के अधिकारी मैदान में उतरे। प्रशासन ने तुरंत आदेश जारी कर बोतलों और ड्रमों में खुला फ्यूल देने पर रोक लगा दी है ताकि अवैध भंडारण को रोका जा सके। जिला आपूर्ति अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जिले में पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। अधिकारियों ने खुद पंपों पर जाकर स्टॉक रजिस्टर की जांच की और लोगों को समझाया कि घबराने की जरूरत नहीं है।
यह रहा अफवाह का कारण
सोशल मीडिया पर यह संदेश प्रसारित हो रहा था कि पश्चिम एशिया (Middle East) में चल रहे तनाव के कारण भारत में तेल की सप्लाई रुक सकती है। हालांकि, सरकारी अधिकारियों और ऑयल कंपनियों ने इसे पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताया है।
जिला प्रशासन ने की लोगों से अपील
नागरिकों से अनुरोध है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही भ्रामक खबरों पर विश्वास न करें। जिले के सभी 184 पंपों पर पर्याप्त मात्रा में (लगभग 13 लाख लीटर पेट्रोल और 16 लाख लीटर डीजल) स्टॉक मौजूद है। अनावश्यक भीड़ न लगाएं और संयम बनाए रखें।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/akhilesh-yadav-surrounded-the-up-government-regarding-law-and-order/150878