जिले की जियावन पुलिस ने लूट की एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है।
सिंगरौली {मध्यप्रदेश}: जिले की जियावन पुलिस ने लूट की एक सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए गिरोह के मुख्य सरगना को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक श्री षियाज़ के.एम. के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जियावन पुलिस ने अंतर्राज्यीय स्तर पर सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश किया है।
25 फरवरी को दर्ज हुई थी शिकायत
गत 25 फरवरी को जियावन थाना क्षेत्र में कुछ लोगों ने लूट की शिकायत दर्ज कराई थी। फरियादियों का आरोप था कि अज्ञात व्यक्तियों ने उनके साथ लूटपाट की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पूछताछ में खुली साजिश की परतें
जांच के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने फरियादियों से गहन पूछताछ की। इसके बाद मामले की परत-दर-परत सच्चाई सामने आने लगी और एक सुनियोजित ठगी का खुलासा हुआ।
'सस्ता सोना' दिखाकर फंसाए गए लोग
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह लोगों को सस्ता सोना दिलाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था। भरोसा जीतने के लिए आरोपियों ने पहले एक ज्वेलरी दुकान पर असली सोने का टुकड़ा चेक भी करवाया था। इसके बाद फरियादियों को 25 फरवरी को झुरही के जंगल में बुलाया गया और उनसे बड़ी रकम लेकर आरोपी बिना सोना दिए फरार हो गए।
10 हजार का इनामी मास्टरमाइंड गिरफ्तार
पुलिस ने पहले ही अनिल सिंह निवासी कचनी और शिवमंगल सिंह निवासी गनियारी को हिरासत में ले लिया था। पूछताछ के दौरान गिरोह के मुख्य सरगना और 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी बलवान पारधी (26 वर्ष), निवासी बूढ़ा जिला कटनी का नाम सामने आया।
घेराबंदी कर दबोचा गया आरोपी
जियावन पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर बलवान पारधी की लोकेशन ट्रेस की और घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना
इस मामले को सुलझाने में जियावन थाना प्रभारी उप निरीक्षक शेषनारायण दुबे, सहायक उप निरीक्षक तेज बहादुर सिंह, आरक्षक सदन सहित पूरी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ कड़ा संदेश गया है।
यह भी पढ़े: घर में घुसकर मारपीट का आरोप